बिजनेस

₹4.20 लाख के शिखर से ₹1.50 लाख से नीचे पहुंची चांदी, 50 हजार या 1 लाख के निवेश पर कितना नुकसान?

चांदी की कीमत में लगातार गिरावट से निवेशक परेशान हैं। उन्हें समझ में नहीं आ रहा है कि अब वो क्या करें?

Image

चांदी में बड़ी गिरावट

Silver Price Crash: चांदी की कीमत में 64% की बड़ी गिरावट गिरावट दर्ज की गई है। बता दें कि चांदी की कीमत रिकॉर्ड 4.20 लाख के रिकॉर्ड हाई से टूटकर 1.50 लाख से नीचे पहुंच गई है। इससे चांदी में निवेश करने वाले निवेशकों को भारी नुकसान हुआ है। हालांकि, ऐसा नहीं है कि सोने में निवेश करने वाले निवेशकों को नुकसान नहीं हुआ है। सोने की कीमत में भी गिरावट से निवेशकों को नुकसान हुआ है लेकिन चांदी के मुकाबल कम है। चांदी की कीमत में इस गिरावट से एक अहम सवाल उठता है कि अगर किसी निवेशक ने चांदी को उसकी सबसे ऊंची कीमत पर खरीदा होता, तो उसे कितना नुकसान हुआ होगा? आइए 50 हजार या 1 लाख के उदाहरण से इसे समझते हैं।

निवेश करने वाले निवेशकों को कितना घाटा?

जनवरी में अपनी सबसे ऊंची कीमत से चांदी में 64.2% की भारी गिरावट आई है, जबकि सोने में 31.5% की गिरावट देखी गई है। इससे निवेशकों की संपत्ति कम हुई है और ETF की वैल्यू में भी भारी कमी आई है। मान लीजिए कि किसी निवेशक ने जनवरी में चांदी की रिकॉर्ड कीमत 4.20 लाख प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर निवेश किया था और अब इसकी कीमत घटकर ₹1.50 लाख प्रति किलोग्राम रह गई है, तो उसे करीब 64.29% का नुकसान हुआ है। इस हिसाब से ₹50,000 का निवेश घटकर लगभग ₹17,857 रह गया है। यानी करीब ₹32,143 का नुकसान हुआ है। वहीं, ₹1 लाख लगाने वाले निवेशक के निवेश की मौजूदा वैल्यू घटकर लगभग ₹35,714 रह गई होगी और उसे करीब ₹64,286 का घाटा हुआ होगा।

हालांकि, यह गणना अनुमानित है। वास्तविक नुकसान इस बात पर निर्भर करेगा कि निवेश किस कीमत पर किया गया था और मौजूदा बाजार भाव क्या है। फिजिकल चांदी या सिल्वर ETF में मेकिंग चार्ज, GST, ब्रोकरेज और एक्सपेंस रेशियो जैसे अतिरिक्त खर्च भी रिटर्न को प्रभावित कर सकते हैं।

सिल्वर से मिलने वाला एक बड़ा सबक

निवेशकों के बीच एक बहुत बड़ी गलतफहमी यह है कि अगर चांदी की कीमत में 64% की गिरावट आई है, तो उसे वापस अपनी पुरानी कीमत पर लाने के लिए 64% की ही बढ़ोतरी काफी होगी। यह सही नहीं है। असल में, अगर कोई निवेश 50,000 से गिरकर लगभग 17,857 रुपये रह गया है तो तो उसे अपनी पुरानी वैल्यू पर वापस लौटने के लिए लगभग 177% की बढ़ोतरी की जरूरत होगी।

इसलिए, अगर किसी निवेशक ने सबसे ऊंचे भाव (पीक) पर सिल्वर खरीदा था, तो उसे अपना पैसा वापस पाने (यानी बिना किसी नुकसान के स्थिति में आने) के लिए सिल्वर की कीमत को $44.025 से बढ़कर $121.785 प्रति औंस तक पहुंचना होगा (इसमें अन्य खर्च शामिल नहीं हैं)।

निवेशकों को अब क्या करना चाहिए?

सिल्वर ETF या फंड-ऑफ-फंड्स में निवेश करने वाले भारतीय निवेशकों के लिए चांदी की यह गिरावट कई अहम सबक देती है। यह बताती है कि निवेश पोर्टफोलियो में विविधता बनाए रखना, किसी एक एसेट क्लास में सीमित निवेश करना और अनुशासित तरीके से पूंजी आवंटित करना कितना जरूरी है। कीमतों में गिरावट लंबी अवधि के निवेशकों के लिए धीरे-धीरे निवेश बढ़ाने का अवसर हो सकती है, लेकिन ऐसा कोई भी फैसला लेने से पहले अपनी जोखिम उठाने की क्षमता और निवेश की अवधि को जरूर ध्यान में रखना चाहिए। सबसे अहम बात यह है कि निवेश में हुए बड़े नुकसान की भरपाई के लिए उससे कहीं ज्यादा रिटर्न कमाना पड़ता है। इसलिए बेहतर रिटर्न की तलाश के साथ-साथ अपनी मूल पूंजी को सुरक्षित रखना भी उतना ही जरूरी है।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article