Mental Health Awarenes : कभी बहुत ज्यादा खुशी महसूस होना, छोटी-छोटी बातों पर उत्साहित हो जाना, रातभर जागकर काम करने का मन करना और फिर कुछ दिनों बाद अचानक उदासी, निराशा और अकेलेपन में डूब जाना। अगर किसी व्यक्ति के साथ ऐसा बार-बार होता है और उसकी नींद, सोचने का तरीका, एनर्जी और रोजमर्रा की जिंदगी भी प्रभावित होने लगती है तो इसे सामान्य मूड स्विंग समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इसके पीछे बाइपोलर डिसऑर्डर नाम की एक गंभीर मानसिक स्वास्थ्य समस्या हो सकती है।
बाइपोलर डिसऑर्डर में व्यक्ति के मूड, एनर्जी, एक्टिविटी और सोचने के तरीके में असामान्य बदलाव आते हैं। कभी वह जरूरत से ज्यादा उत्साहित, आत्मविश्वास से भरा और एक्टिव महसूस कर सकता है तो कभी गहरी उदासी, थकान और निराशा में चला जाता है। खास बात यह है कि ये बदलाव कुछ मिनटों या घंटों तक सीमित नहीं होते, बल्कि कई दिनों या हफ्तों तक चलने वाले एपिसोड के रूप में सामने आ सकते हैं। इस दौरान व्यक्ति का कामकाज, पारिवारिक रिश्ते, आर्थिक फैसले और सामाजिक जीवन प्रभावित हो सकते हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के सितंबर 2026 में जारी फैक्टशीट के अनुसार, साल 2023 में दुनियाभर में करीब 3.6 करोड़ लोग बाइपोलर डिसऑर्डर से प्रभावित थे। यानी दुनिया की लगभग हर 226 में से एक आबादी इस समस्या से जूझ रही थी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में मरीजों की समय पर पहचान नहीं हो पाती और उन्हें सही इलाज भी नहीं मिल पाता है।
क्या है बाइपोलर डिसऑर्डर
बाइपोलर डिसऑर्डर एक ऐसी मानसिक स्वास्थ्य समस्या है, जिसमें व्यक्ति के मूड और व्यवहार में दो विपरीत तरह के एपिसोड देखने को मिलते हैं। इनमें एक तरफ मैनिक या हाइपोमैनिक एपिसोड होता है, जिसमें व्यक्ति की एनर्जी और एक्टिविटी असामान्य रूप से बढ़ जाती है। दूसरी तरफ डिप्रेसिव एपिसोड होता है, जिसमें वह उदासी, निराशा और रुचि की कमी महसूस करता है।
कई बार व्यक्ति को लगता है कि वह पहले से ज्यादा प्रतिभाशाली, सफल और ताकतवर हो गया है। उसे बहुत कम नींद में भी थकान महसूस नहीं होती है। वह एक साथ कई काम शुरू कर सकता है, तेजी से बोलता है और बिना ज्यादा सोचे बड़े आर्थिक फैसले लेने लगता है। इसके विपरीत डिप्रेसिव फेज में उसी व्यक्ति को रोजमर्रा के सामान्य काम भी मुश्किल लगने लगते हैं।
बाइपोलर डिसऑर्डर में इन दोनों स्थितियों के बीच कुछ समय ऐसा भी हो सकता है, जब व्यक्ति सामान्य महसूस करता है और उसकी दिनचर्या ठीक चलती है। यही वजह है कि कई बार परिवार और आसपास के लोग इन बदलावों को पहचान नहीं पाते हैं।
बाइपोलर डिसऑर्डर के प्रमुख दो फेज
मैनिक एपिसोड
बाइपोलर डिसऑर्डर में मैनिक एपिसोड के दौरान व्यक्ति का मूड असामान्य रूप से ऊंचा या चिड़चिड़ा हो सकता है। उसकी एनर्जी अचानक बहुत बढ़ जाती है। उसे लगता है कि वह कुछ भी कर सकता है और उसे किसी की मदद की जरूरत नहीं है। इस दौरान कुछ लोग अपनी क्षमता और उपलब्धियों को वास्तविकता से कहीं ज्यादा बड़ा समझने लगते हैं। मैनिक एपिसोड के दौरान ये लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
- बहुत कम सोने के बावजूद थकान महसूस न होना।
- सामान्य से ज्यादा बोलना और लगातार बातचीत करते रहना।
- दिमाग में एक साथ बहुत सारे विचार आना।
- छोटी-छोटी बातों पर उत्साहित या गुस्सा हो जाना।
- खुद को बहुत खास, शक्तिशाली या बेहद सफल समझना।
- बिना सोचे-समझे ज्यादा पैसे खर्च करना या जोखिम भरे निवेश करना।
- एक साथ कई बड़े काम शुरू कर देना।
- ध्यान केंद्रित करने में परेशानी होना।
- जरूरत से ज्यादा आत्मविश्वास और खुद को लेकर बड़ी-बड़ी बातें करना।
- कुछ गंभीर मामलों में भ्रम, गलत विश्वास या ऐसी चीजें महसूस करना जो वास्तव में मौजूद नहीं होती हैं।
मैनिक एपिसोड में व्यक्ति के फैसले लेने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। कई बार वह अपनी आर्थिक स्थिति से ज्यादा पैसा खर्च कर देता है, बिना सोचे कारोबार में निवेश कर देता है या रिश्तों में ऐसे फैसले लेता है जिनका बाद में नुकसान उठाना पड़ सकता है।
डिप्रेसिव एपिसोड
बाइपोलर डिसऑर्डर का दूसरा प्रमुख फेज डिप्रेसिव एपिसोड है। इसमें व्यक्ति का मूड लंबे समय तक उदास रहता है। पहले जिन कामों में उसे खुशी मिलती थी, उनमें उसकी रुचि कम होने लगती है। कई बार वह परिवार और दोस्तों से मिलना-जुलना भी बंद कर देता है। इस दौरान ये लक्षण सामने आ सकते हैं।
- ज्यादातर समय उदास, खालीपन या निराशा महसूस करना।
- पसंदीदा कामों और गतिविधियों में रुचि खत्म होना।
- लगातार थकान और कमजोरी महसूस करना।
- जरूरत से ज्यादा सोना या नींद बिल्कुल न आना।
- भूख और वजन में बदलाव होना।
- किसी काम में मन न लगना।
- खुद को बेकार या दूसरों पर बोझ समझना।
- निर्णय लेने और ध्यान केंद्रित करने में परेशानी।
- भविष्य को लेकर निराश रहना।
- कुछ गंभीर मामलों में खुद को नुकसान पहुंचाने या आत्महत्या के विचार आना।
इस फेज में व्यक्ति बाहर से सामान्य दिखाई दे सकता है, लेकिन अंदर ही अंदर काफी मानसिक परेशानी से गुजर रहा होता है। कई बार वह अपनी समस्या किसी को बताने से भी बचता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, डिप्रेसिव एपिसोड में ये लक्षण दिन के ज्यादातर समय और लगभग हर दिन कम से कम दो सप्ताह तक बने रह सकते हैं।
बाइपोलर डिसऑर्डर के कितने प्रकार होते हैं
बाइपोलर डिसऑर्डर को मुख्य रूप से दो प्रकारों में बांटा जाता है। इनके बीच अंतर मैनिक और हाइपोमैनिक एपिसोड की गंभीरता और मरीज के अनुभव किए गए लक्षणों के आधार पर होता है।
बाइपोलर टाइप-1: इसमें व्यक्ति को कम से कम एक मैनिक एपिसोड होता है। इस दौरान उसकी एनर्जी, एक्टिविटी और मूड में असामान्य बदलाव आते हैं। कई मामलों में इसका असर इतना गंभीर हो सकता है कि व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत पड़ती है। इसमें डिप्रेसिव एपिसोड भी आ सकते हैं, लेकिन टाइप-1 के निदान के लिए डिप्रेशन होना अनिवार्य नहीं है।
बाइपोलर टाइप-2: इसमें व्यक्ति को कम से कम एक हाइपोमैनिक एपिसोड और एक गंभीर डिप्रेसिव एपिसोड होता है। हाइपोमैनिक एपिसोड में व्यक्ति की एनर्जी और एक्टिविटी सामान्य से ज्यादा रहती है, लेकिन इसके लक्षण मैनिक एपिसोड की तुलना में कम गंभीर होते हैं। इसमें व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती होने जैसी गंभीर स्थिति आमतौर पर नहीं होती है। इस प्रकार में डिप्रेशन के एपिसोड काफी परेशानी पैदा कर सकते हैं।
हाइपोमेनिया क्या है और यह मैनिक एपिसोड से कैसे अलग है
हाइपोमेनिया को मैनिक एपिसोड का कम गंभीर रूप समझा जा सकता है। इसमें व्यक्ति सामान्य से ज्यादा खुश, उत्साहित, एक्टिव और आत्मविश्वास से भरा महसूस करता है। उसकी नींद कम हो सकती है, बातचीत बढ़ सकती है और वह एक साथ कई योजनाओं पर काम करने लगता है।
मेडिकल डायग्नोसिस के सामान्य मानकों में मैनिक एपिसोड के लक्षण लगभग एक सप्ताह या उससे ज्यादा समय तक बने रह सकते हैं। अगर स्थिति गंभीर हो और अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत पड़े तो अवधि कम होने पर भी मैनिया का निदान किया जा सकता है। वहीं, हाइपोमेनिया के लिए सामान्य तौर पर कम से कम चार लगातार दिनों तक लक्षण बने रहने का मानक इस्तेमाल किया जाता है।
इन दोनों में मुख्य अंतर लक्षणों की गंभीरता और व्यक्ति की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ने वाले प्रभाव का है। हाइपोमेनिया में व्यक्ति की कार्यक्षमता में बदलाव होता है, लेकिन मैनिक एपिसोड की तरह गंभीर परेशानी या साइकोसिस होना जरूरी नहीं है।
भारत में कई लोग बाइपोलर डिसऑर्डर से हैं प्रभावित
भारत में भी बाइपोलर डिसऑर्डर को लेकर चिंता की स्थिति है। राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य सर्वेक्षण 2015-16 के आंकड़ों पर आधारित एक अध्ययन में 12 राज्यों के 34,802 वयस्कों को शामिल किया गया था। इसके नतीजे वर्ष 2023 में भारतीय जर्नल ऑफ साइकियाट्री में प्रकाशित हुए थे।
इस अध्ययन में बाइपोलर अफेक्टिव डिसऑर्डर की मौजूदा व्यापकता 0.3 फीसदी और जीवन में कभी इस बीमारी का सामना करने की व्यापकता 0.5 फीसदी पाई गई। अध्ययन में सबसे चिंताजनक बात इसका ट्रीटमेंट गैप था। मौजूदा मरीजों में करीब 70.4 फीसदी लोगों को जरूरी इलाज नहीं मिल रहा था।
अध्ययन में यह भी सामने आया कि मौजूदा मरीजों में करीब 63 फीसदी लोगों के कामकाज, 59.3 फीसदी के सामाजिक जीवन और 63 फीसदी के पारिवारिक जीवन पर इस बीमारी का असर पड़ा था।
बाइपोलर डिसऑर्डर की पहचान में क्यों लग जाते हैं कई साल
बाइपोलर डिसऑर्डर की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक इसकी समय पर पहचान न हो पाना है। कई मरीज शुरुआत में केवल डिप्रेशन के लक्षणों के साथ डॉक्टर के पास पहुंचते हैं। ऐसे में अगर उनके पुराने मैनिक या हाइपोमैनिक एपिसोड की जानकारी सामने नहीं आती तो बीमारी को सामान्य डिप्रेशन समझने की आशंका रहती है।
वर्ष 2022 में प्रकाशित एक सिस्टमैटिक रिव्यू और मेटा-एनालिसिस में इस समस्या की गंभीरता सामने आई। इसमें 59 अध्ययनों और 40 हजार से अधिक लोगों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया था। शोध में मदद मांगने में देरी का मध्य मान 3.5 साल, सही निदान होने में देरी 6.7 साल और बिना इलाज बीमारी रहने की अवधि 5.9 साल पाई गई।
यानी कई लोगों को लक्षण शुरू होने के कई साल बाद बीमारी का सही पता चलता है। शोधकर्ताओं ने इसकी प्रमुख वजहों में डिप्रेसिव एपिसोड का ज्यादा नजर आना, हाइपोमेनिया को गंभीर समस्या न समझना और दूसरी मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से लक्षणों का मिलता-जुलता होना बताया।
क्यों होता है बाइपोलर डिसऑर्डर
बाइपोलर डिसऑर्डर होने की कोई एक निश्चित वजह नहीं है। मेडिकल रिसर्च के अनुसार, इसके पीछे जेनेटिक, बायोलॉजिकल, साइकोलॉजिकल और सामाजिक कारणों की भूमिका हो सकती है।
जिन लोगों के परिवार में पहले किसी सदस्य को बाइपोलर डिसऑर्डर रहा है, उनमें इसका जोखिम बढ़ सकता है। इसके अलावा दिमाग में मूड और व्यवहार को नियंत्रित करने वाले सिस्टम में बदलाव भी इसकी वजहों से जुड़े माने जाते हैं।
कुछ परिस्थितियां इस बीमारी के लक्षणों को ट्रिगर कर सकती हैं या पहले से मौजूद परेशानी को बढ़ा सकती हैं। इनमें किसी करीबी की मृत्यु, रिश्तों में बड़ा तनाव, हिंसा, लगातार नींद की कमी और शराब या नशीले पदार्थों का सेवन शामिल हो सकता है।
हालांकि, तनाव या किसी खराब घटना का सामना करने वाले हर व्यक्ति को बाइपोलर डिसऑर्डर नहीं होता। इसकी पहचान के लिए व्यक्ति की पूरी मेडिकल हिस्ट्री और लक्षणों का आकलन जरूरी है।
बाइपोलर डिसऑर्डर का इलाज कैसे किया जाता है
बाइपोलर डिसऑर्डर का इलाज संभव है। सही समय पर बीमारी की पहचान और उचित इलाज मिलने से व्यक्ति अपने मूड को नियंत्रित कर सकता है और सामान्य जीवन जी सकता है। इसके लिए मनोचिकित्सक मरीज की स्थिति, मैनिक या डिप्रेसिव एपिसोड, पुराने लक्षणों और मेडिकल हिस्ट्री को समझकर इलाज तय करते हैं।
मूड स्टेबलाइजर दवाएं: बाइपोलर डिसऑर्डर के इलाज में लिथियम और वैल्प्रोएट जैसी मूड स्टेबलाइजर दवाओं का इस्तेमाल किया जाता है। इनका उद्देश्य मूड में होने वाले अत्यधिक बदलावों को नियंत्रित करना और दोबारा एपिसोड आने की आशंका कम करना होता है। इन दवाओं की खुराक और नियमित मॉनिटरिंग जरूरी होती है।
एंटीसाइकोटिक दवाएं: मैनिक एपिसोड और कुछ गंभीर स्थितियों में एंटीसाइकोटिक दवाएं दी जा सकती हैं। इनका चयन लक्षणों और मरीज की स्थिति के आधार पर किया जाता है।
साइकोथेरेपी: दवाओं के साथ साइकोथेरेपी भी इलाज का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसमें मरीज को अपने मूड में होने वाले बदलावों को पहचानना, तनाव संभालना और मुश्किल परिस्थितियों से निपटना सिखाया जाता है। कॉग्निटिव बिहेवियरल थेरेपी और फैमिली साइकोएजुकेशन जैसी तकनीकें मददगार हो सकती हैं।
लाइफस्टाइल में बदलाव: नियमित नींद, समय पर भोजन, शारीरिक गतिविधि और शराब तथा नशीले पदार्थों से दूरी बनाए रखना इलाज को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है। परिवार का सहयोग और समय पर डॉक्टर से संपर्क बनाए रखना भी जरूरी है।
बाइपोलर डिसऑर्डर में डिप्रेशन के दौरान एंटीडिप्रेसेंट दवाएं भी कुछ मरीजों को दी जा सकती हैं, लेकिन उनका इस्तेमाल मनोचिकित्सक की निगरानी में और उपयुक्त इलाज के साथ किया जाता है। खुद से एंटीडिप्रेसेंट शुरू करना या बंद करना नुकसानदायक हो सकता है।
बाइपोलर डिसऑर्डर में क्यों बढ़ जाता है आत्महत्या का खतरा
बाइपोलर डिसऑर्डर के दौरान डिप्रेसिव एपिसोड में व्यक्ति लंबे समय तक निराशा, अकेलापन और खुद को बेकार समझने जैसी भावनाओं से गुजर सकता है। कुछ लोगों में आत्महत्या के विचार भी आने लगते हैं। वहीं, गंभीर मैनिक एपिसोड में जल्दबाजी और जोखिम भरे व्यवहार के कारण खुद को नुकसान पहुंचने का खतरा हो सकता है।
वर्ष 2024 में न्यूरोसाइंस एंड बायोबिहेवियरल रिव्यूज में प्रकाशित एक सिस्टमैटिक रिव्यू और मेटा-एनालिसिस में रजिस्ट्री आधारित अध्ययनों का विश्लेषण किया गया। इसमें बाइपोलर डिसऑर्डर से जूझ रहे लोगों में आत्महत्या से मृत्यु का जोखिम सामान्य संदर्भ समूह की तुलना में काफी अधिक पाया गया।
अगर किसी व्यक्ति में आत्महत्या के विचार, खुद को नुकसान पहुंचाने की योजना या गंभीर व्यवहार परिवर्तन दिखाई दें तो उसे अकेला न छोड़ें। तुरंत मनोचिकित्सक या नजदीकी अस्पताल की इमरजेंसी सेवा से संपर्क करें।
मनोचिकित्सक से कब मिलना चाहिए
अगर किसी व्यक्ति के मूड में लंबे समय तक असामान्य बदलाव हो रहे हैं, वह कई दिनों तक बहुत कम सो रहा है, बिना सोचे-समझे पैसे खर्च कर रहा है, अचानक बहुत ज्यादा एक्टिव हो जाता है या इसके बाद कई हफ्तों तक उदासी और निराशा में रहता है तो मनोचिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।
खासतौर पर अगर इन बदलावों का असर नौकरी, कारोबार, पढ़ाई, आर्थिक फैसलों या पारिवारिक रिश्तों पर पड़ने लगा है तो जांच में देरी नहीं करनी चाहिए। डॉक्टर मरीज के पुराने व्यवहार, नींद, ऊर्जा, डिप्रेशन और मैनिक एपिसोड से जुड़ी जानकारी लेकर बीमारी का आकलन करते हैं। कई बार परिवार के सदस्यों से भी पुराने लक्षणों के बारे में जानकारी ली जाती है।
