शहर

बालाघाट में चाऊमीन खाने से 118 बच्चे बीमार, मेले में बिगड़ी तबीयत, 45 अस्पताल में भर्ती

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में शनिवार को आयोजित मेले में चाऊमीन खाने से 118 बच्चे बीमार हो गए। बच्चों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत हुई। जिला अस्पताल में 45 बच्चे और 12 वयस्क भर्ती हैं।

Image

मेले में चाऊमीन खाने से 118 बच्चे बीमार (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में मेले के दौरान चाऊमीन खाने से 118 बच्चों के बीमार होने का मामला सामने आया है। शनिवार रात आयोजित मंडई (मेले) में चाऊमीन खाने के बाद बच्चों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी। जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचाया गया। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।

मेले में चाऊमीन खाने के बाद बिगड़ी बच्चों की तबीयत

जानकारी के मुताबिक, घटना किरनापुर थाना क्षेत्र के ग्राम हिरी की है, जहां 21 नवंबर को मंडई का आयोजन किया गया था। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ उनके बच्चे भी पहुंचे थे। इसी दौरान मेले में चाऊमीन खाने के बाद बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। देखते ही देखते 118 बच्चे बीमार हो गए। बड़ी संख्या में बच्चों के बीमार होने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया।

जिला अस्पताल में 45 बच्चे भर्ती

मामले की जानकारी मिलने के बाद रविवार सुबह कलेक्टर आदित्य सिंह जिला अस्पताल बालाघाट पहुंचे। उन्होंने भर्ती बच्चों और अन्य मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल लिया। साथ ही डॉक्टरों से उपचार की स्थिति की जानकारी ली। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. शत्रुघ्न सिंह दाहिया ने बताया कि जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में 45 बच्चे भर्ती हैं और सभी की स्थिति सामान्य है। इसके अलावा मेडिकल वार्ड में भर्ती 12 वयस्क मरीजों की हालत भी स्थिर है। सभी मरीज खतरे से बाहर हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

स्वस्थ होने पर बच्चों को अस्पताल से मिली छुट्टी

CMHO ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरनापुर में भी बीमार बच्चों को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया था। जिसके बाद स्वस्थ हुए बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। जिला अस्पताल में भर्ती बच्चों की स्थिति में भी फिलहाल कोई गंभीर समस्या नहीं है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग मरीजों के उपचार पर नजर बनाए हुए हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article