आमतौर पर मुंडन में सिर्फ बच्चे का सिर मुंडाया जाता है, लेकिन एक परिवार के सभी लोगों ने अपने बच्चे के साथ-साथ अपना भी सिर मुंडवा लिया। सोशल मीडिया पर इस मुंडन संस्कार का वीडियो बहुत तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो गुजरात के राजकोट जिले के पांजरिया गांव का बताया जा रहा है। जहां 3 साल के बच्चे के मुंडन संस्कार पर उसके परिवार के मम्मी-पापा, दादा-दादी सभी लोगों ने अपने बाल मुंडवा लिए और अब पूरा परिवार गंजे सिर के साथ बच्चे का साथ दे रहा है।
बच्चे के साथ-साथ पूरे परिवार ने कराया मुंडन
वायरल हो रहे इस वीडियो में सबसे पहले दिखता है कि बच्चे की मां उसे अपने गोद में लेकर मुंडन के रस्मों को निभा रही है। बच्चे का सिर मुंडा दिया गया है और साथ में परिवार के पुरुषों ने भी अपना सिर मुंडवा लिया है। वीडियो के अगले प्रेम में बच्चे की मां को अपना सिर मुंडवाते देखा जा सकता है। फिर दादी मां को अपने बाल मुंडवाते हुए देखा जा सकता है। नाई एक-एक कर परिवार के सभी लोगों के बालों को उतारते दिख रहा है। वीडियो के अंत में पूरा परिवार बच्चे को गोद में लिए एक साथ खड़े दिखता है। सबके सिर से बाल उतर चुके हैं और उनका सिर चमक रहा है।
परिवार ने क्यों लिया यह फैसला?
इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @gharkekalesh नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसके कैप्शन में लिखा है, "गुजरात के एक छोटे से गांव में, पूरे परिवार ने अपने सिर मुंडवा लिए ताकि उनके नन्हे बेटे को उसके मुंडन संस्कार के दौरान अकेलापन महसूस न हो।" इस वीडियो को अब तक लाखों लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने इसे लाइक किया है। इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब जैसे हर एक प्लेटफॉर्म पर यह वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो पर लोगों के तरह-तरह के कमेंट्स भी आ रहे हैं। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, “परिवार ऐसा ही होता है।” दूसरे ने लिखा, “परिवार हर एक स्थिति में हमेशा ऐसे ही आपके साथ खड़ा मिलता है।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
