Bike Stunt Video: होली के त्योहार के दिन सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। जिसमें एक लड़की बुलेट बाइक चलाते हुए खतरनाक स्टंट करती दिखाई दे रही है। वीडियो में लड़की पूरी तरह गुलाल से रंगी हुई दिख रही है। साथ ही वह तेज रफ्तार में बाइक चला रही है। इस दौरान उसने ना तो हेलमेट पहना हुआ है और ना ही वह किसी भी तरह के रोड सेफ्टी नियमों का पालन कर रही है। स्टंट करते हुए कभी वह बाइक का हैंडल छोड़कर पोज देती नजर आती है, तो कभी बाइक पर अपना दुपट्टा लहराते हुए।
रील के लिए लड़की ने सड़क पर किया खतरनाक स्टंट
सड़क पर इस तरह के स्टंट को देखकर उस बाइक सवार लड़की के पीछे चल रहे लोग भी हैरान रह जाते हैं। वीडियो को देखकर साफ समझ आ रहा है कि लड़की ने ऐसा सिर्फ सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए किया है। इस वीडियो को सोशल साइट X पर @ImMemesupplier नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो को अब तक लाखों लोगों ने देखा और लाइक किया है।
वीडियो देख लोगों ने लड़की के स्टंटबाजी को खतरनाक बताया
वायरल हो रहे इस वीडियो के सामने आते ही लोगों ने इस पर जमकर अपनी प्रतिक्रिया भी दी है और लड़की के इस लापरवाह रवैये की आलोचना की है। वीडियो पर कई यूजर्स ने कमेंट करते हुए लिखा कि सड़क पर इस तरह का स्टंट करना सही नहीं है। ऐसे में लड़की खुद के साथ-साथ दूसरों की जान को भी खतरे में डाल रही है। यह बहुत ही खतरनाक है और इससे हादसा हो सकता है। कुछ लोगों ने यह भी लिखा कि अगर यही काम कोई लड़का करता, तो शायद पुलिस तुरंत कार्रवाई करती। कुछ यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में भी कमेंट किए, जबकि कई लोगों ने ट्रैफिक नियमों का पालन करने की सलाह दी।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
