शहर

'मुझे मारने की साजिश'...उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्य ने पति पर लगाए गंभीर आरोप; बिगड़ी तबीयत

उत्तराखंड की महिला सशक्तीकरण और बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ जान से मारने की साजिश रचने का आरोप लगाया है।

Image

उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्य को जान का खतरा (फोटो-@rekhaaryaoffice)

देहरादून : उत्तराखंड की महिला सशक्तीकरण और बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने गुरुवार को अपने पति के खिलाफ जान से मारने की साजिश रचने, जालसाजी और जातिगत प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए देहरादून में मामला दर्ज कराया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मामला दर्ज कराने के कुछ ही देर बाद मंत्री की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।

इससे पहले, आर्य ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में मामला दर्ज कराने की जानकारी दी थी। उन्होंने वीडियो के साथ अपने पति की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी साझा की, जिसमें वह कथित तौर पर उन्हें जान से मारने की साजिश रचते सुनाई दे रहे हैं।

2004 में हुई थी शादी

वीडियो में आर्य ने कहा कि अपने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर उन्होंने यह मामला दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि साहू से उनकी शादी 2004 में हुई थी।आंखों से बहते आंसुओं के बीच वीडियो में मंत्री ने बताया कि उनके पति के इस ऑडियो ने उन्हें झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि इस ऑडियो ने मेरे वैवाहिक जीवन और समर्पण पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। क्या सच्चाई, ईमानदारी के साथ रहने का यही परिणाम मिलता है?

उन्होंने कहा कि इस ऑडियो को सुनने के बाद मानसिक आघात और अपने बच्चों की सुरक्षा की चिंता के कारण उन्होंने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का निर्णय लिया। अपने वीडियो बनाने की वजह बताते हुए मंत्री ने कहा कि मैं यह वीडियो इसलिए भी बना रही हूं कि महिला चाहे आम हो या खास, वह घरेलू अत्याचार और मानसिक उत्पीड़न नहीं सहे। इसे सहना नहीं है, बल्कि इसके खिलाफ आवाज उठानी है।

उन्होंने कहा कि वह हमेशा संविधान को साक्षी मानकर अपने कर्तव्य निभाती आयी हैं और आगे भी ऐसा करती रहेंगी। उन्होंने कहा, "मुझे अपनी इस देवभूमि ने यहां तक पहुंचाया है। मैं पीड़ा में हूं, लेकिन अपने कर्तव्य को नहीं भूली हूं। मंत्री ने कहा कि उनके मायके वालों ने हमेशा उनका साथ दिया है और उन्हें भरोसा है कि इस मुश्किल घड़ी में भी वे उनके साथ खड़े होंगे। वीडियो के अंत में उन्होंने कहा कि इस बारे में आगे कुछ कहने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं। आर्य अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र (आरक्षित) से विधायक हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article