क्रिकेट

Ranji Trophy: मुंबई ने हिमाचल के खिलाफ मुकाबले के लिए किया टीम का ऐलान, दो युवा खिलाड़ियों को मिला मौका

हिमाचल प्रदेश के खिलाफ रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप डी के अगले मुकाबले के लिए मुंबई की 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम में दो युवा खिलाड़ियों को शामिल किया है।

Image

सूर्यांश शेडगे (Sony LIV Screen Grab)

मुंबई: ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे और अंगकृष रघुवंशी को गुरुवार को हिमाचल प्रदेश के खिलाफ रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप डी के अगले मुकाबले के लिए मुंबई की 16 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया। वानखेड़े स्टेडियम में चंडीगढ़ को पारी और 155 रन से हराकर सत्र का आगाज करने वाली मुंबई की टीम अपना दूसरा मुकाबला 18 से 21 अक्टूबर तक बिलासपुर में खेलेगी। इस मैच के लिए टीम के शीर्ष क्रम में बदलाव किए गए हैं। उपकप्तान आयुष म्हात्रे दाएं पैर की मांसपेशियों में चोट के कारण मुकाबले से बाहर रहेंगे।

हिमाचल के खिलाफ नई सलामी जोड़ी के साथ उतरेगा मुंबई

वहीं भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल न्यूजीलैंड में तीन मैच की अनौपचारिक टेस्ट सीरीज के लिए भारत ए टीम से जुड़ गए हैं। इन दोनों खिलाड़ियों की अनुपस्थिति के कारण हिमाचल प्रदेश के खिलाफ मुकाबले में मुंबई को नयी सलामी जोड़ी के साथ उतरना होगा। सूर्यांश शेडगे हाल में ऑस्ट्रेलिया 'ए' के खिलाफ तीन मैच की अनौपचारिक वनडे सीरीज में भारत 'ए' की ओर से खेले थे। मेजबान भारत ’ए’ को इस सीरीज में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था। अब उन्हें मुंबई की टीम में शामिल होने का मौका मिला है।

शार्दुल ठाकुर नहीं हो पाए हैं पूरी तरह फिट

वहीं मुंबई की टीम को पूर्व कप्तान शार्दुल ठाकुर की सेवाएं भी नहीं मिलेंगी। वह अभ्यास के दौरान हाथ में चोट लगने के बाद अब भी वापसी की कोशिश में जुटे हैं।

हिमाचल प्रदेश के खिलाफ रणजी मुकाबले के लिए मुंबई की टीम:

सिद्धेश लाड (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, सूर्यांश शेडगे, दिव्यांश सक्सेना, सरफराज खान, मुशीर खान, सुवेद पारकर, आकाश आनंद (विकेटकीपर), हार्दिक तामोरे (विकेटकीपर), शम्स मुलानी, तनुष कोटियान, अथर्व अंकोलेकर, तुषार देशपांडे, मोहित अवस्थी, सिल्वेस्टर डिसूजा और ओंकार तरमले।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article