डरबन: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डरबन में खेले गए पहले टेस्ट मैच में 214 रन के अंतर से हार का सामना करने के बाद मेजबान दक्षिण अफ्रीका ने रविवार से गेबेरहा में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। टीम में एक बदलाव हुआ है ट्रिस्टन स्टब्स की जगह मैथ्यू ब्रीट्जके को टीम में शामिल किया गया है। रियान रिकेल्टन को विकेटकीपर बनाया गया है।
वनडे में शानदार प्रदर्शन का मिला ब्रीट्ज़के को ईनाम
17 सदस्यीय टीम में केवल एक बदलाव हुआ है। टीम में शामिल किए गए ब्रीट्जके ने करियर में अबतक दो टेस्ट मैच खेले हैं। एकदिवसीय क्रिकेट में शानदार फॉर्म की बदौलत वो टेस्ट टीम में जगह हासिल करने में सफल हुए हैं। दक्षिण अफ्रीका के मुख्य कोच शुकरी कॉनराड ने कहा,'मैट पहले भी टीम का हिस्सा रह चुके हैं। उनकी शानदार वनडे फॉर्म ने उन्हें टीम में जगह बनाने में मदद की। इससे अहम बात है उनका एटीट्यूड और कैरेक्टर जिसने उनकी वापसी में अहम भूमिका अदा की है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: जिंबाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने किया संन्यास का फैसला बदलने से इनकार, ये टूर्नामेंट होगा आखिरी
रेयान रिकल्टन करेंगे विकेटकीपिंग
कॉनराड ने इस बात की भी पुष्टि की कि दूसरे टेस्ट में रियान रिकेल्टन विकेटकीपर की भूमिका निभाएंगे। इसका मतलब यह हो सकता है कि काइल वेरेने को प्लेइंग इलेवन में जगह न मिले। कॉनराड ने कहा,'रिकेल्टन विकेटकीपिंग करेंगे इसलिए अब हमें यह तय करना है वह निचले क्रम में बल्लेबाजी करने आएंगे या पारी की शुरुआत करना जारी रखेंगे।'
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए दक्षिण अफ्रीका की टीम:
टेम्बा बावुमा (कप्तान), मार्केस एकरमैन, डेविड बेडिंगहम, मैथ्यू ब्रीट्ज़के, कॉर्बिन बॉश, गेराल्ड कोएत्ज़ी, साइमन हार्मर, मार्को जानसेन, केशव महाराज, एडेन मार्करम, वियान मुल्डर, सेनुरन मुथुसामी, एनरिक नॉर्खिया, डेन पैटरसन, कगिसो रबाडा, रयान रिकेल्टन, काइल वेरेने।
