Viral Video: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बुधवार को एक अजीबोगरीब और दर्दनाक हादसा देखने को मिला। गाजियाबाद में वेव सिटी (Wave City Video) के ठीक सामने मछलियों से भरा एक DCM (कैंटर) अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद बीच सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे का नजारा किसी मछली मंडी जैसा दिखने लगा। हर तरफ मछलियां बिखरी हुई थी। वहीं, इस घटना के कारण सड़क पर लंबा जाम भी लग गया। अब इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। तो आइए, जानते हैं क्या है पूरा मामला?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, DCM काफी तेज रफ्तार में जा रहा था। जैसे ही वाहन वेव सिटी के पास पहुंचा, अचानक उसका टायर फट गया। टायर फटने के कारण चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया और DCM सीधे डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन पलट गया और उसमें थर्माकोल के डिब्बों में रखी हजारों मछलियां सड़क पर बिखर गईं। हादसे के बाद का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि पूरे एक्सप्रेसवे पर मछलियां तड़पती हुई बिखरी पड़ी हैं। सड़क पर दूर-दूर तक थर्माकोल के बॉक्स टूटे पड़े हैं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। अचानक हुए इस हादसे को देखकर आसपास के राहगीर और वाहन चालक भी हैरान रह गए। आखिर, किस तरह का नजारा था आप खुद इस वीडियो में देखें...
सड़क पर हर तरफ मछलियां
वहीं, इस घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस और नगर निगम को दी गई। मौके पर पहुंची नगर निगम की टीम ने तत्परता दिखाते हुए कर्मचारियों की मदद से सड़क पर बिखरी मछलियों को साफ करवाने का काम शुरू किया। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त DCM को रास्ते से हटाया गया, जिसके बाद दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर यातायात को दोबारा सामान्य कराया जा सका। गनीमत यह रही कि इस बड़े हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने या जान-माल के बड़े नुकसान की खबर नहीं है। अब इस पूरे मामला का वीडियो वायरल हो रहा है और इस नजारे को देखकर लोग हैरान हो रहे हैं।
