वायरल न्यूज़

VIDEO: कार के पिछले पहिए में छुपा बैठा था 'अजगर महाराज', देखते ही ड्राइवर के उड़े होश, रेस्क्यू करने में छुटे पसीने

Viral Video: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में एक कार के पिछले पहिए के बीच एक लंबा-चौड़ा अजगर लिपटा हुआ मिला। वन विभाग के कर्मियों ने कार का टायर और मडगार्ड खोलकर ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित बाहर निकाला। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Image

कार के पीछे कुंडली मारकर बैठा था अजगर

Viral Video: अमूमन लोग जब कहीं जाने के लिए गाड़ी निकालते हैं, तो पेट्रोल, इंजन ऑयल या टायरों की हवा जांचते हैं। लेकिन, उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक कार मालिक के साथ जो हुआ, उसने न केवल उनकी बल्कि पूरे इलाके की 'हवा टाइट' कर दी। नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित रेलवे रोड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खड़ी कार के पिछले पहिए और मडगार्ड के बीच एक लंबा-चौड़ा और भारी-भरकम अजगर (Python Video) कुंडली मारकर बैठा हुआ मिला। इस नजारे को देखकर ड्राइवर के होश उड़ गए। जिसने भी यह नजारा देखा वो एक पल के लिए दंग रह गया। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला?

    जानकारी के मुताबिक, बीते दिन रेलवे रोड पर एक युवक जैसे ही अपनी कार के पास पहुंचा, तो उसे गाड़ी के पिछले टायर के आसपास कुछ असामान्य हलचल दिखाई दी। जब उसने पास जाकर देखा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। कोई रस्सी या तार नहीं, बल्कि एक विशालकाय अजगर गाड़ी के पुर्जों से बुरी तरह लिपटा हुआ था। कार में अजगर होने की खबर मिलते ही देखते ही देखते पूरे इलाके में जंगल की आग की तरह फैल गई और मौके पर तमाशबीनों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं, घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम से जांबाज कर्मी भारत और नितेश कुमार मौके पर पहुंचे। हालांकि, अजगर महाराज कार छोड़ने के मूड में बिल्कुल नहीं थे। वो अंदरूनी पुर्जों के बीच इतने कसकर उलझे हुए थे कि सामान्य तरीके से उन्हें निकालना असंभव था। वनकर्मियों को बाकायदा कार का पिछला पहिया और मडगार्ड कवर खोलना पड़ा। देखें वीडियो...

    कार के अंदर विशालकाय अजगर

    अजगर को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए मोटे दस्तानों, सेफ्टी रॉड और हाथों की मदद से खिंचाई का दौर शुरू हुआ। लगभग ढाई घंटे तक चले इस कड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आखिरकार अजगर को गाड़ी के फ्रेम से सुरक्षित बाहर खींच लिया गया। जब रेस्क्यू टीम ने अजगर को बाहर निकालकर दिखाया, तो वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए। रेस्क्यू टीम के जवान भारत ने बताया कि पकड़े गए अजगर को पूरी तरह सुरक्षित स्थान और नजदीकी जंगल में छोड़ दिया जाएगा। अजगर के पकड़े जाने के बाद ही कार मालिक और स्थानीय मोहल्ले वासियों ने सुकून की सांस ली। अब इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और नजारा देखकर लोग हैरान हो रहे हैं।

    Kaushlendra Pathak
    कौशलेंद्र पाठकauthor

    कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

    और पढ़ें
    End of Article