देश

अंतरिक्ष में 20 दिन, पृथ्वी के 320 चक्कर... 'स्पेस' बटन दबाते ही बदल गई जिंदगी, शुभांशु शुक्ला ने सुनाए अनसुने किस्से

Times Now Summit Karnataka: ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने टाइम्स नाउ समिट कर्नाटक में अपने अंतरिक्ष अनुभवों पर विस्तार से बात की। उन्होंने बताया कि कैसे एक फाइटर पायलट से अंतरिक्ष यात्री बनने का उनका सपना साकार हुआ।

Image

ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला

Photo : Times Now Digital

Times Now Summit Karnataka: भारत के अंतरिक्ष मिशन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने टाइम्स नेटवर्क के टाइम्स नाउ समिट कर्नाटक में शनिवार को अपने अंतरिक्ष सफर, एक्सियोम-4 मिशन के अनुभवों और देश के महत्वाकांक्षी गगनयान प्रोग्राम को लेकर विस्तार से बात की। इस दौरान उन्होंने अंतरिक्ष में बिताए 20 दिनों के लंबे अनुभव और भारत की अंतरिक्ष यात्रा से जुड़े यादगार किस्से भी सुनाए।

टाइम्स नाउ के मैनेजिंग एडिटर जक्का जैकब (Zakka Jacob) के साथ बातचीत में शुभांशु शुक्ला ने बताया कि कैसे एक फाइटर पायलट से अंतरिक्ष यात्री बनने का उनका सपना साकार हुआ। शुभांशु शुक्ला को हाल ही में टाइम मैगजीन की 'टाइम 100 नेक्स्ट' सूची में भी शामिल किया गया है। इस उपलब्धि पर उन्होंने कहा कि यह उनके लिए बहुत बड़ा सम्मान है, लेकिन किसी एक व्यक्ति को मिलने वाला सम्मान वास्तव में उन सभी लोगों का है, जो पर्दे के पीछे रहकर काम करते हैं। उन्होंने इसे पूरी टीम और देश के लिए जश्न का मौका बताया।

शुभांशु शुक्ला से पूछा गया कि लड़ाकू विमान उड़ाने से अंतरिक्ष कैप्सूल तक पहुंचने का फैसला कैसे लिया, तो उन्होंने बताया कि अंतरिक्ष में जाने की इच्छा हमेशा से थी, लेकिन उस समय भारत के पास मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम नहीं था।

उन्होंने कहा कि साल 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब भारत के बेटे या बेटी को अंतरिक्ष में भेजने की घोषणा की और इसके बाद 2019 में इसरो ने गगनयान मिशन का ऐलान किया, तो उनके लिए अंतरिक्ष यात्री बनने का फैसला काफी सहज था। परिवार के साथ चर्चा करने के बाद उन्होंने इस दिशा में आगे बढ़ने का निर्णय लिया।

बकौल शुभांशु शुक्ला, शुरुआत में इस सफर की पूरी तस्वीर उनके सामने नहीं थी, क्योंकि भारत ने इससे पहले मानव अंतरिक्ष उड़ान का ऐसा मिशन नहीं किया था। उन्हें केवल इतना पता था कि इस कठिन और चुनौतीपूर्ण प्रशिक्षण के आखिर में अंतरिक्ष की यात्रा उनका इंतजार कर रही है। उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया को रोमांचक, चुनौतीपूर्ण और संतोषजनक बताया।

14 दिन की जगह 32 दिनों तक क्वारंटाइन में रहे शुभांशु

एक्सियोम-4 मिशन की तैयारियों के दौरान शुभांशु शुक्ला और उनकी टीम को लंबे क्वारंटाइन से गुजरना पड़ा। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) जाने वाले अंतरिक्ष यात्रियों को आमतौर पर दो सप्ताह तक क्वारंटाइन में रखा जाता है, ताकि पृथ्वी से कोई संक्रमण अंतरिक्ष स्टेशन तक न पहुंचे।

इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) पर अंतरिक्ष यात्री एक ही वातावरण में रहते हैं और वहां सभी एक ही हवा में सांस लेते हैं। इसलिए अगर किसी को संक्रमण होता है तो वह सभी में फैल सकता है, लेकिन हमारे मामले में तकनीकी और मौसम संबंधी कारणों के चलते लॉन्च लगातार टलता रहा और हमें 32 दिनों तक क्वारंटाइन में रहना पड़ा।

उन्होंने बताया कि यह मानव अंतरिक्ष उड़ान के इतिहास का सबसे लंबा क्वारंटाइन था। उस दौरान उनके मन में बस यही चल रहा था कि अब जल्द से जल्द वहां से निकलकर मिशन के लिए रवाना होना है।

केनेडी स्पेस सेंटर से भरी थी उड़ान

जून 2025 में अंतरिक्ष के लिए रवाना होने के दिन को याद करते हुए शुभांशु शुक्ला ने एक बेहद दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि अमेरिका के केनेडी स्पेस सेंटर स्थित लॉन्च पैड 39A पर पहुंचने के बाद जब वह लिफ्ट में चढ़े, तो वहां उनके सामने केवल दो बटन थे। एक पर 'अर्थ' और दूसरे पर 'स्पेस' लिखा था।

शुभांशु ने बताया कि जैसे ही उन्होंने 'स्पेस' बटन दबाया, वह अंतरिक्ष कैप्सूल तक पहुंचने की दिशा में आगे बढ़ गए। उनके लिए यह अनुभव बेहद खास था। इसके अलावा उन्होंने एक और ऐतिहासिक परंपरा का जिक्र किया। अंतरिक्ष कैप्सूल में प्रवेश करने से पहले अंतरिक्ष यात्रियों को एक पुराने रोटरी डायल फोन से अपने परिवार को फोन करने का मौका मिलता है। शुभांशु के मुताबिक, यह वही ऐतिहासिक फोन है, जिसका इस्तेमाल नील आर्मस्ट्रांग ने भी अपने परिवार से बात करने के लिए किया था। उन्होंने भी इसी फोन से अपने परिवार को कॉल किया था।

'ISS पर अंतरिक्ष यात्रियों के साथ बिताए यादगार पल'

शुभांशु शुक्ला ने एक्सियोम-4 मिशन के दौरान अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर बिताए 20 दिनों को अपने सफर का सबसे खास हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि इस मिशन में पोलैंड, हंगरी, भारत, अमेरिका, जापान और रूस के अंतरिक्ष यात्री एक साथ मौजूद थे। उन्होंने बताया कि शाम के समय सभी अंतरिक्ष यात्री एक साथ बैठकर खाना खाते थे। पृथ्वी की परिक्रमा करते हुए अलग-अलग देशों और संस्कृतियों के लोगों का एक साथ भोजन करना उनके लिए बेहद अद्भुत अनुभव था। शुभांशु शुक्ला ने कहा कि अंतरिक्ष अन्वेषण (Space Exploration) की सबसे बड़ी सीख अंतरराष्ट्रीय सहयोग है।

'गगनयान मिशन में एक्सियोम-4 का अनुभव आएगा काम'

शुभांशु शुक्ला ने गगनयान मिशन पर बात करते हुए कहा कि इस मिशन के तहत साल 2019 में उनका चयन हुआ था। उन्होंने बताया कि इंसानों को अंतरिक्ष में भेजना और उन्हें सुरक्षित वापस लाना बेहद जटिल प्रक्रिया है। बकौल शुभांशु शुक्ला, फिलहाल अमेरिका, रूस और चीन के पास मानव अंतरिक्ष उड़ान की क्षमता है और भारत इस क्षेत्र में चौथा देश बनने की दिशा में प्रयास कर रहा है।

उन्होंने कहा कि टेस्ट पायलट के तौर पर उनकी भूमिका केवल उड़ान भरने तक सीमित नहीं है। उन्हें सिस्टम डिजाइन करने वाले विशेषज्ञों के साथ काम करना होता है और अपने अनुभवों के आधार पर जरूरी सुझाव देने होते हैं, ताकि अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षा और मिशन की विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि एक्सियोम-4 मिशन के दौरान उन्हें जो व्यावहारिक अनुभव मिले हैं, उन्हें भारत के गगनयान कार्यक्रम में शामिल किया जा रहा है। इससे देश के मानव अंतरिक्ष मिशन को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

'यह मेरी नहीं, पूरे देश की यात्रा थी'

भारत लौटने के बाद मिले लोगों के प्यार और सम्मान को लेकर शुभांशु शुक्ला ने कहा कि उन्होंने लाखों लोगों के साथ सेल्फी ली है। उनके पास आने वाला हर व्यक्ति ऐसा महसूस करता है, जैसे वह खुद भी इस मिशन का हिस्सा रहा हो। उन्होंने कहा कि यह केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं थी, बल्कि पूरे देश की यात्रा थी। अपनी बात को समझाने के लिए उन्होंने अंतरिक्ष में बिताए समय और तय की गई दूरी का एक दिलचस्प हिसाब भी साझा किया।

'शुभांशु ने पृथ्वी के 320 बार लगाए चक्कर'

बकौल शुभांशु शुक्ला, 20 दिन और तीन घंटे के दौरान उन्होंने पृथ्वी के करीब 320 चक्कर लगाए और लगभग 1.4 करोड़ किलोमीटर की दूरी तय की। उन्होंने इस दूरी को देश की आबादी से जोड़ते हुए कहा कि अगर इसे 140 करोड़ भारतीयों में बांटा जाए, तो प्रत्येक नागरिक के हिस्से में लगभग 100 मीटर का योगदान आता है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article