देश

बुलेट ट्रेन परियोजना में बड़ी कामयाबी, सूरत-बिलीमोरा सेक्शन में दौड़ी बिजली, शुरू हुई OHE सिस्टम की टेस्टिंग की तैयारी

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में आधुनिक 2×25 केवी ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम लगाया जा रहा है। यह हाईस्पीड रेल नेटवर्क में इस्तेमाल होने वाली उन्नत बिजली आपूर्ति तकनीकों में से एक है। 508 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर में कुल 14 ट्रैक्शन सब-स्टेशन (TSS) बनाए जा रहे हैं। इन सब-स्टेशनों को नेशनल ग्रिड से बिजली मिलेगी और इसके जरिए ओवरहेड सिस्टम तक बिजली पहुंचाई जाएगी।

Image

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना

भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना ने एक और अहम पड़ाव पार कर लिया है। मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल कॉरिडोर के सूरत-बिलीमोरा सेक्शन में 20 नवंबर को ओवरहेड इलेक्ट्रिक इक्विपमेंट (OHE) सिस्टम को सफलतापूर्वक बिजली से चार्ज कर दिया गया। इसके साथ ही इस सेक्शन में बुलेट ट्रेन के संचालन की दिशा में इलेक्ट्रिफिकेशन का एक महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है।

करीब 50 किलोमीटर लंबे सूरत-बिलीमोरा सेक्शन में एलिवेटेड ट्रैक की अप और डाउन दोनों लाइनों पर ओवरहेड इलेक्ट्रिक सिस्टम तैयार किया गया है। इस सिस्टम को चरणबद्ध तरीके से छोटे-छोटे हिस्सों में बिजली से चार्ज किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी तकनीकी टीमें करेंगी, ताकि सुरक्षा मानकों और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित हो सके। यह उपलब्धि परियोजना में आगे की टेस्टिंग का रास्ता तैयार करेगी।

2×25 केवी तकनीक से लैस होगा बुलेट ट्रेन कॉरिडोर

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में आधुनिक 2×25 केवी ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम लगाया जा रहा है। यह हाईस्पीड रेल नेटवर्क में इस्तेमाल होने वाली उन्नत बिजली आपूर्ति तकनीकों में से एक है। 508 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर में कुल 14 ट्रैक्शन सब-स्टेशन (TSS) बनाए जा रहे हैं। इन सब-स्टेशनों को नेशनल ग्रिड से बिजली मिलेगी और इसके जरिए ओवरहेड सिस्टम तक बिजली पहुंचाई जाएगी।

गुजरात के नवसारी जिले के बिलीमोरा में बनाए जा रहे पहले ट्रैक्शन सब-स्टेशन में कंट्रोल पैनल, चेंजओवर स्विच, ट्रांसफॉर्मर और सर्किट ब्रेकर बिल्डिंग का इंस्टॉलेशन कार्य पूरा हो चुका है। गुजरात में इन सब-स्टेशनों को गुजरात एनर्जी ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (GETCO) के 220 केवी अंबेठा ग्रिड सब-स्टेशन से बिजली मिलेगी। पूरे इलेक्ट्रिकल नेटवर्क की निगरानी एक केंद्रीयकृत कंट्रोल सेंटर से की जाएगी, जिससे बिजली आपूर्ति को सुरक्षित और भरोसेमंद बनाया जा सके।

चार नदियों पर पुल, हाईवे के ऊपर स्टील ब्रिज

सूरत से बिलीमोरा के बीच करीब 50 किलोमीटर के इस एलिवेटेड सेक्शन में चार नदियों पर पुल बनाए गए हैं। इसके अलावा नेशनल हाईवे-53 के ऊपर एक स्टील ब्रिज भी तैयार किया गया है। आसपास के इलाकों में ट्रेन की आवाज से होने वाले शोर को कम करने के लिए वायाडक्ट पर करीब 94 हजार नॉइज बैरियर लगाए गए हैं।

लोगों के लिए सुरक्षा अलर्ट

ओवरहेड इलेक्ट्रिक सिस्टम में बिजली चालू होने के बाद नेशनल हाईस्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) ने आसपास रहने वाले लोगों, यात्रियों, निर्माण श्रमिकों और आम नागरिकों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। लोगों को ओवरहेड बिजली के तारों और उपकरणों के पास नहीं जाने, उन्हें नहीं छूने और उनके आसपास किसी भी तरह का अनधिकृत काम नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article