Viral Video: कहते हैं कि मां से बड़ा योद्धा इस दुनिया में कोई नहीं होता। जब जिम्मेदारी देश और राज्य के वीआईपी सुरक्षा की हो, तो अनुशासन में जरा सी चूक की गुंजाइश नहीं होती। लेकिन, बिहार के रोहतास (Rohtas Video) जिले से आई एक तस्वीर ने साबित कर दिया कि एक महिला जब ठान ले, तो वह एक साथ दो सबसे कठिन भूमिकाएं बखूबी निभा सकती है। सासाराम के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इसी वीआईपी ड्यूटी के बीच एक महिला कांस्टेबल की तस्वीर और वीडियो कैमरे में कैद हुई, जो देखते ही देखते इंटरनेट पर वायरल हो गई।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला सिपाही पूनम कुमारी पुलिस वर्दी में मुस्तैद हैं। उनके एक हाथ में पुलिस की कैप है और दूसरे हाथ से उन्होंने अपने मासूम बच्चे को सीने से सटाकर संभाला हुआ है। आस-पास अन्य पुलिसकर्मी और अधिकारी आवाजाही कर रहे हैं, लेकिन पूनम बिना विचलित हुए शांति और सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी पर तैनात खड़ी हैं। बच्चा कभी मां के कंधे पर सिर टिकाता है तो कभी उत्सुकता से आसपास देख रहा है, जबकि मां पूरी मुस्तैदी से वीआईपी मूवमेंट पर नजर रखे हुए है। आलम ये है कि लोग इस महिला पुलिसकर्मी की जमकर तारीफ कर रहे हैं। देखें वीडियो...
महिला पुलिसकर्मी की हो रही तारीफ
जिसने भी यह नजारा देखा वो एक पल के लिए भावुक भी हो गया और जज्बे को सलाम भी कर रहा है। आलम ये है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इतना ही नहीं यूजर्स इस वीडियो को जमकर शेयर कर रहे हैं और कमेंट भी कर रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि यह तस्वीर दर्शाती है कि भारतीय महिलाएं कितनी मजबूत हैं जो घर, बच्चे और कठिन नौकरी को एक साथ संभालती हैं। इस वीडियो पर आपकी क्या प्रतिक्रिया है जरूर बताएं।
