साउथ मूवीज

Times Now Summit Karnataka: प्रकाश बेलावाड़ी ने कर्नाटक के विकास मॉडल पर उठाए सवाल, बेंगलुरु के ट्रैफिक पर भड़के

  • Authored by: अभय
  • Updated Nov 21, 2026, 06:25 PM IST

Prakash Belawadi Times Now Summit Karnataka 2026: नेशनल अवॉर्ड विनर फिल्ममेकर प्रकाश बेलवाड़ी (Prakash Belawadi) ने कर्नाटक के विकास और वहां की आर्थिक असमानता को लेकर अपनी बात रखी है।

Image

कर्नाटक में अमीर-गरीब के बीच बढ़ती खाई से परेशान प्रकाश बेलवाड़ी, कही ये बात (Image Source: Times Now)

Prakash Belawadi Times Now Summit Karnataka 2026: नेशनल अवॉर्ड जीत चुके फिल्ममेकर और एक्टर प्रकाश बेलावाड़ी (Prakash Belawadi) अपनी फिल्मों के साथ-साथ सामाजिक मुद्दों पर बेबाक राय रखने के लिए भी जाने जाते हैं। इस बार उन्होंने कर्नाटक के विकास और वहां के लोगों के बीच बढ़ती आर्थिक खाई पर अपनी चिंता जाहिर की है। 21 नवंबर को बेंगलुरु में आयोजित टाइम्स नाउ समिट कर्नाटक 2026 (Times Now Summit Karnataka 2026) में प्रकाश बेलावाड़ी ने 'द पीपल्स एजेंडा' (The People's Agenda) नाम के सत्र में हिस्सा लिया। इस चर्चा में उनके साथ पद्मश्री से सम्मानित टी. वी. मोहनदास पई और प्रिया चेट्टी-राजगोपाल भी मौजूद रहे। इस सत्र का मुख्य विषय कर्नाटक का विकास, आर्थिक स्थिति, विरासत और नागरिकों की भागीदारी जैसे मुद्दे थे।

बेंगलुरु के ट्रैफिक पर भड़के प्रकाश बेलावडी

बेंगलुरु के ट्रैफिक जाम पर बात करते हुए प्रकाश बेलावडी ने अपना एक अनुभव शेयर किया। उन्होंने बताया कि शाम 6 बजे बेंगलुरु पहुंचने के बावजूद एयरपोर्ट से कोरमंगला जाने में उन्हें तीन घंटे लग गए। उन्होंने कहा कि दिल्ली से बेंगलुरु की फ्लाइट में जितना समय लगा, उससे ज्यादा वक्त सड़क के रास्ते एयरपोर्ट से शहर पहुंचने में लग गया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर बेंगलुरु आज भी बुनियादी सुविधाओं की ऐसी समस्याओं से क्यों जूझ रहा है। टाइम्स नाउ समिट कर्नाटक में इस मुद्दे पर बात करते हुए उन्होंने कहा, 'मैं पिछले 20 साल से इस शहर में आ रहा हूं और मुझे ये कहते हुए दुख हो रहा है कि चाहे बीजेपी की सरकार हो या कांग्रेस की, हालात नहीं बदले हैं। शायद नेताओं को चुनाव में बेंगलुरु के वोटों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। राजनीतिक रूप से ये शहर उनके लिए इतना अहम नहीं है, इसलिए उन्हें इसकी परवाह नहीं है।' उन्होंने ये भी सवाल किया कि शहर के लोग आखिर इस स्थिति को कब तक स्वीकार करते रहेंगे और हर दिन हजारों नई गाड़ियां खरीदते रहेंगे, बजाय इसके कि बेहतर बुनियादी सुविधाओं की मांग करें।

बेंगलुरु के अलावा दूसरे जिलों में भी निवेश की जरूरत

प्रकाश बेलावडी का कहना है कि कर्नाटक के विकास का पूरा ध्यान सिर्फ बेंगलुरु पर नहीं होना चाहिए। उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि राज्य की राजधानी पर बड़ी रकम खर्च की जा रही है, जबकि दूसरे जिलों को उतना निवेश नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा, 'हर कोई बेंगलुरु की बात करता है, लेकिन मुझे कर्नाटक के बाकी हिस्सों की ज्यादा चिंता है।' उनका सुझाव था कि अगर किसी दूसरे जिले या शहर में 27,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाए, तो वहां भी एक नया आर्थिक केंद्र तैयार हो सकता है। उन्होंने विकास के लिए मिलने वाले फंड को अलग-अलग जिलों तक पहुंचाने की वकालत की। साथ ही उनका कहना था कि जिलों को अपने फंड के इस्तेमाल का ज्यादा अधिकार मिलना चाहिए और वहां के चुने हुए प्रतिनिधियों को स्थानीय जरूरतों के हिसाब से फैसले लेने चाहिए। उनके मुताबिक, इस तरह के निवेश से हर जिले में मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल, यूनिवर्सिटी और बेहतर बुनियादी सुविधाएं तैयार की जा सकती हैं।

कर्नाटक की अर्थव्यवस्था में असमानता पर जताई चिंता

बेलावडी ने कर्नाटक की अर्थव्यवस्था में अलग-अलग क्षेत्रों की हिस्सेदारी और उनसे जुड़े लोगों की आजीविका के बीच अंतर की ओर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा, 'मेरे हिसाब से कर्नाटक की अर्थव्यवस्था का करीब 70 फीसदी हिस्सा सर्विस सेक्टर से आता है, जिसमें आईटी, टूरिज्म और रियल एस्टेट जैसे क्षेत्र शामिल हैं। वहीं, खेती की हिस्सेदारी सिर्फ 10 फीसदी है। लेकिन अर्थव्यवस्था का यही 10 फीसदी हिस्सा कर्नाटक की 50 फीसदी आबादी की आजीविका संभाल रहा है।' इस अंतर पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा, 'आय में इस तरह की असमानता बहुत क्रूर है और इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता।' अपनी बात खत्म करते हुए बेलावडी ने कहा कि उनकी चिंता सिर्फ बेंगलुरु तक सीमित नहीं है। राज्य के विकास के लिए जरूरी है कि राजधानी के बजाय पूरे कर्नाटक पर ध्यान दिया जाए और सभी जिलों को आगे बढ़ने का बराबर मौका मिले।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article