5th National Kaushal Deekshant Samaroh: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में 5वें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा, "मुझे खुशी है कि हमारे मित्र जयंत चौधरी जी ने कौशल विकास के इतने बड़े कार्यक्रम के लिए लखनऊ को चुना। मुझे खुशी इसलिए है कि उत्तर प्रदेश के सांसद होने के नाते मेरे लिए गर्व की बात है। और मेरा सौभाग्य है, उत्तर प्रदेश के सांसद के नाते देश भर से आए हुए मेरे युवा दोस्तों का स्वागत करने का मुझे आज अवसर मिल रहा है।"
पीएम मोदी ने 5वें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को किया संबोधित
पीएम मोदी ने इसके आगे कहा, "आज अपने जीवन का एक अहम पड़ाव पार किया है। अब राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से सीधे जुड़ने वाले हैं और आज का दिवस मेरे लिए बड़ा महत्वपूर्ण है। मैं आज सुबह दिल्ली से निकला, बंगाल गया और आज के दिन का मेरा पहला कार्यक्रम आईआईटी में था। 75 साल हुए आईआईटी को। देश का पहला आईआईटी खड़गपुर बना था। उसके 75 साल का समारोह था और जिस ऊर्जा के साथ, जिस सपनों को लेकर, जिस आशा और अरमान को लेकर के मैं आईआईटी के बच्चों के पास गया था, उतने ही उमंग उत्साह के साथ मैं आईटीआई के बच्चों के पास आया हूं। चाहे आईआईटी हो या आईटीआई हो, मेरे लिए तो यही मेरे देश की अमानत है। यही मेरे देश का सामर्थ्य है। और यही मेरे देश का भविष्य है।"
सीएम योगी भी कार्यक्रम में रहे मौजूद
इससे पहले 5वें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा, "उत्तर प्रदेश सरकार ने टाटा टेक्नोलॉजीज के साथ मिलकर राज्य भर के 150 से अधिक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) को अपग्रेड किया है। यहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) और 3D प्रिंटिंग जैसी उभरती तकनीकों में कोर्स कराए जा रहे हैं। हमारे 12,000 से अधिक प्रशिक्षित युवा कैंपस चयन के जरिए अच्छा रोजगार पा रहे हैं। केवल 2026 में ही राज्य भर में आयोजित विभिन्न रोजगार मेलों के माध्यम से इस कुशल कार्यबल के 50,000 से अधिक युवाओं को सीधे रोजगार मिला है।"
राजनाथ सिंह ने बताई कौशल विकास की जरूरत
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस कार्यक्राम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत रक्षा विनिर्माण के क्षेत्र में स्वदेशीकरण को बहुत तेजी से बढ़ावा दे रहा है। इसलिए रक्षा उपकरणों और सैन्य तकनीक के निर्माण में भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बड़ी संख्या में कुशल और प्रशिक्षित कार्यबल की आवश्यकता है। राजनाथ सिंह ने कहा, "मेरा मानना है कि कौशल विकास से जुड़ी योजनाएं इस जरूरत को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। 21वीं सदी में अनपढ़ वह नहीं होगा जो पढ़-लिख नहीं सकता बल्कि अनपढ़ वह होगा जिसे यह नहीं पता कि कैसे सीखना है। समय के अनुसार पुरानी सीखी हुई बातों को कैसे छोड़ना है, और नई चीजें कैसे सीखनी हैं। ऐसे समय में केवल कौशल हासिल कर लेना ही काफी नहीं है। समय के साथ खुद को अपडेट रखना भी बेहद जरूरी है। इसलिए हमारी सरकार यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है कि युवाओं की स्किलिंग, री-स्किलिंग और अप-स्किलिंग समय की जरूरतों के अनुसार लगातार चलती रहे।"
