वायरल न्यूज़

ई-रिक्शा को ओवरटेक करना पड़ा भारी, कार पलटते ही शीशे से बाहर निकल आया युवक, देखें हादसे का खौफनाक Video

एक तेज रफ्तार कार ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार का शीशा टूटने पर युवक बाहर निकल आया। जिसका वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

Image

तेज रफ्तार कार के एक्सीडेंट का वीडियो हुआ वायरल (X/@zingabad)

सड़क पर गाड़ी चलाते समय थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे की वजह बन सकती है। सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल हो रहे एक वीडियो (Video) में कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जब एक तेज रफ्तार कार (Wagon-R) एक ई-रिक्शा को ओवरटेक करने के बाद अनियंत्रित हो गई। कार इतनी जोर से पलटी कि पीछे का शीशा टूट गया और उसमें बैठा एक युवक आधे शरीर तक बाहर निकल आया। हादसे का यह नजारा देखकर सड़क पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए।

ई-रिक्शा को ओवरटेक करते समय बिगड़ा कंट्रोल

वायरल वीडियो (Viral Video) में एक सफेद रंग की Wagon-R सड़क पर तेज गति से चलती दिखाई देती है। बताया जा रहा है कि यह घटना दिल्ली के शक्तिनगर गोल चक्कर के पास हुई। कार चालक आगे चल रहे एक ई-रिक्शा को बाईं तरफ से ओवरटेक करता है। ओवरटेक करने के बाद सामने एक और ई-रिक्शा आ जाता है। उससे बचने के लिए चालक अचानक कार को दाईं तरफ मोड़ देता है। इसी दौरान गाड़ी का संतुलन बिगड़ जाता है। चालक कार को संभालने की कोशिश करता है, लेकिन गाड़ी दूसरी तरफ जाती हुई डिवाइडर से टकरा जाती है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

पलटते ही टूट गया कार का शीशा

डिवाइडर से टकराने के बाद कार सड़क पर पलटने लगती है। हादसे का सबसे डरावना हिस्सा तब दिखाई देता है, जब कार का पिछला शीशा टूट जाता है। पीछे बैठे एक युवक का सिर और शरीर का ऊपरी हिस्सा टूटे हुए शीशे से बाहर निकल आता है। वीडियो में कार पलटते समय युवक बेहद खतरनाक स्थिति में दिखाई देता है। गनीमत रही कि वह सीधे सड़क या डिवाइडर से नहीं टकराया। हालांकि, इस हादसे में उसे कितनी चोटें आईं, इसकी पक्की जानकारी सामने नहीं आई है।

हादसे के बाद मदद के लिए पहुंचे लोग

कार के पलटने के बाद दोनों युवक बाहर निकलते नजर आते हैं। आसपास मौजूद लोग भी उनकी मदद के लिए पहुंच जाते हैं। सड़क पर हुए इस हादसे को देखकर लोगों की भीड़ जमा हो जाती है। इस हादसे के वीडियो को सोशल मीडिया के तमाम प्लेटफॉर्म्स पर जमकर शेयर किया जा रहा है। हमने इसे सोशल साइट एक्स पर पोस्ट @zingabad नामक अकाउंट से लिया है।

वीडियो पर यूजर्स ने दी प्रतिक्रिया

वीडियो वायरल (Video Viral) होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ यूजर्स ने तेज रफ्तार और जल्दबाजी को हादसे की वजह बताया, जबकि कुछ लोगों ने ओवरटेक करने के तरीके पर सवाल उठाए। एक यूजर ने लिखा कि कुछ सेकंड की जल्दबाजी भारी पड़ सकती है। वहीं, दूसरे यूजर ने कहा कि सड़क पर गाड़ी चलाते समय स्पीड के साथ-साथ आसपास की स्थिति पर भी ध्यान देना जरूरी है।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article