वायरल न्यूज़

गिटार को समझ लिया पैसेंजर, कट गया 500 रुपये का चालान, AI कैमरे की 'गलती' पर लोगों ने खूब लिए मजे

बेंगलुरु में AI ट्रैफिक कैमरे ने बाइक के पीछे बंधे गिटार को बिना हेलमेट वाला पैसेंजर समझ लिया और 500 रुपये का चालान काट दिया। मामला सोशल मीडिया पर वायरल है।

Image

सड़क पर चल रहे स्कूटी सवार का कटा चालान (X/@souvikonline)

बेंगलुरु में ट्रैफिक नियमों की निगरानी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे AI कैमरे से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया (Social Media) पर लोगों को हैरान भी किया और हंसा भी दिया। यहां एक शख्स का चालान हेलमेट नहीं पहनने वाले पैसेंजर के लिए काट दिया गया, लेकिन जिस पैसेंजर को कैमरे ने देखा, वह कोई इंसान नहीं बल्कि एक गिटार था।

बेंगलुरु में गिटार का कट गया चालान

मामला बेंगलुरु का है। सौविक दत्ता अपनी पत्नी की दोपहिया गाड़ी चला रहे थे। वह खुद हेलमेट पहने हुए थे और बाइक पर उनके पीछे कोई दूसरा व्यक्ति भी नहीं बैठा था। हां, उनके साथ एक गिटार जरूर था, जिसे उन्होंने अपनी पीठ पर बांध रखा था। इसी दौरान AI आधारित ट्रैफिक कैमरे ने बाइक की तस्वीर खींच ली। कैमरे ने पीछे बंधे गिटार को शायद दूसरा व्यक्ति समझ लिया और हेलमेट न पहनने वाले पैसेंजर के नाम पर 500 रुपये का चालान जारी कर दिया।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

जब AI ने गिटार को समझ लिया इंसान

जब सौविक को चालान मिला तो वह भी हैरान रह गए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस पूरे मामले की तस्वीर शेयर की और बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस को टैग किया। उन्होंने बताया कि वह बाइक अकेले चला रहे थे और उनकी पीठ पर सिर्फ गिटार था। सबसे मजेदार बात चालान के साथ भेजी गई तस्वीर में दिखाई दी। फोटो में सौविक साफ तौर पर हेलमेट पहने नजर आ रहे थे। उनके पीछे कोई व्यक्ति नहीं था, बल्कि गिटार बंधा हुआ था। इसके बावजूद AI कैमरे ने उसे बिना हेलमेट वाला पैसेंजर मान लिया।

शख्स ने फाइन कैंसिल करने का किया रिक्वेस्ट

सौविक ने चालान को रद्द करने का अनुरोध भी किया। बताया गया कि चालान उनकी पत्नी के खाते में भेजा गया था। मामला सोशल मीडिया (Social Media) पर सामने आने के बाद बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस ने भी पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी और दत्ता से जुर्माना वापस कराने के लिए कहा। इसके बाद यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गई।

लोगों ने AI की गलती पर खूब लिए मजे

मामला Reddit तक भी पहुंचा, जहां लोगों ने AI कैमरे की इस ‘अनोखी पहचान’ पर जमकर मजाक किया। किसी ने गिटार को यात्री मानने पर चुटकी ली तो किसी ने कहा कि शायद कैमरे ने गिटार के लिए हेलमेट ढूंढना शुरू कर दिया था। ट्रैफिक नियमों की निगरानी में AI कैमरे काफी मददगार हो सकते हैं, लेकिन तस्वीर को गलत तरीके से समझ लेने पर ऐसी गलती भी सामने आ सकती है। फिलहाल, बेंगलुरु का यह मामला सोशल मीडिया पर खूब वायरल है। इंसान तो हेलमेट पहनकर बाइक चला रहा था, लेकिन AI की नजर में पीछे बैठा ‘यात्री’ एक गिटार निकला। यानी इस बार चालान किसी लापरवाह बाइक सवार का नहीं, बल्कि छह तार वाले एक वाद्य यंत्र का कट गया।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article