लाइफस्टाइल

तुलसी के पौधे को कितनी धूप चाहिए, सर्दियों में कम धूप में भी तुलसी के पौधे को कैसे रखें हरा भरा - गार्डनिंग एक्सपर्ट्स से जानें

Tulsi ke paudhe ko kitni dhoop chahiye : तुलसी के पौधे को रोज कितने घंटे धूप चाहिए होती है। जानें सर्दियों में कम धूप, ठंड और पाले से तुलसी को कैसे बचाएं। तुलसी जानें गार्डनिंग एक्सपर्ट्स के आसान टिप्स।

Image

तुलसी के पौधे को कितनी धूप चाहिए, कम धूप में तुलसी कैसे बचाएं

Tulsi ke paudhe ko kitni dhoop chahiye: घर के आंगन में लगी तुलसी सर्दियों में अक्सर मुरझाने लगती है। कभी पत्तियां पीली पड़ जाती हैं तो कभी पौधे की नई बढ़त रुक जाती है। इसकी एक बड़ी वजह धूप की कमी और तापमान में गिरावट हो सकती है। ऐसे में सवाल उठता है कि तुलसी को रोज कितनी धूप चाहिए और अगर कई दिनों तक सूरज नहीं निकले तो पौधे की देखभाल कैसे करें?

तुलसी के पौधे को रोज कितने घंटे धूप चाहिए

तुलसी को अच्छी तरह बढ़ने के लिए रोजाना करीब 4 से 6 घंटे सीधी धूप मिलना अच्छा रहता है। सुबह की धूप इसके लिए खासतौर पर फायदेमंद है। पर्याप्त रोशनी मिलने से पौधे की पत्तियां स्वस्थ रहती हैं और नई शाखाएं निकलती हैं।

Garden Up चलाने वाली डॉ. एकता चौधरी बताती हैं कि किसी पौधे की देखभाल करते समय केवल टिप्स अपनाना काफी नहीं है। उसकी जरूरत और आसपास के वातावरण को समझना भी जरूरी है। तुलसी के मामले में भी यही बात लागू होती है। अगर पौधे को धूप नहीं मिल रही है तो उसे बार-बार खाद देने के बजाय पहले उसकी जगह बदलें। सुबह जहां सबसे ज्यादा रोशनी आती है, वहां गमला रखें।

तुलसी के पौधे को हरा भरा कैसे रखें सर्दी में

गार्डनिंग क्रिएटर मंजू हांडा ने अपने चैनल Manju Handa Organic Gardening पर घरेलू बागवानी और जैविक तरीके साझा करती हैं। उनकी गार्डनिंग शैली से प्रेरित होकर सर्दियों में तुलसी के लिए भी कुछ आसान उपाय अपनाए जा सकते हैं जो कि इस तरह हैं -

  • पौधे को ऐसी जगह रखें जहां प्राकृतिक रोशनी आती हो।
  • मिट्टी की नमी देखकर ही पानी डालें।
  • गमले में पानी जमा न होने दें।
  • सूखी पत्तियों और खराब टहनियों को हटाते रहें।
  • जरूरत से ज्यादा खाद डालने से बचें।

कम धूप में तुलसी के पौधे की ग्रोथ कैसे होगी

जब लगातार कोहरा हो या कई दिनों तक धूप न निकले तो तुलसी की देखभाल का तरीका थोड़ा बदलना चाहिए।

  • गमले को रोशनी वाली जगह रखें: बालकनी या खिड़की के पास ऐसी जगह चुनें जहां दिनभर प्राकृतिक रोशनी आती हो।
  • पानी कम डालें: ठंड में मिट्टी देर से सूखती है। इसलिए मिट्टी की ऊपरी परत सूखने के बाद ही पानी डालें।
  • पाले से बचाएं: रात में पौधे को ठंडी हवा से बचाएं। जरूरत पड़ने पर हल्के कपड़े से ढक सकते हैं।
  • मिट्टी को भुरभुरा रखें: गमले में पानी निकलने की सही व्यवस्था होनी चाहिए। मिट्टी बहुत सख्त हो गई है तो उसकी ऊपरी परत को सावधानी से ढीला करें।

क्या तुलसी को सर्दियों में घर के अंदर रख सकते हैं

हां, लेकिन ऐसी जगह रखें जहां पर्याप्त प्राकृतिक रोशनी आती हो। लगातार अंधेरे कमरे में रखने से पौधे की सेहत खराब हो सकती है। अगर बाहर पाला पड़ रहा है तो रात में गमले को सुरक्षित स्थान पर रख सकते हैं और दिन में धूप निकलने पर बाहर ले जा सकते हैं।

तुलसी की पत्तियां पीली पड़ने लगें तो क्या करें

सबसे पहले देखें कि पौधे को पर्याप्त धूप मिल रही है या नहीं। इसके बाद मिट्टी की नमी जांचें। जरूरत से ज्यादा पानी देने पर जड़ें खराब हो सकती हैं। अगर तने काले पड़ रहे हैं या गलने लगे हैं तो जड़ों में सड़न की आशंका भी हो सकती है।

ध्यान रखें कि सर्दियों में तुलसी को हरा-भरा रखने का सबसे अच्छा तरीका है कि इसे पर्याप्त रोशनी दें, सीमित पानी दें और ठंड से बचाव करें। पौधे की जरूरत समझकर देखभाल करेंगे तो कम धूप वाले दिनों में भी उसे स्वस्थ रखने में मदद मिलेगी।

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article