Chhath Puja 2026: छठ सिर्फ पूजा, व्रत का त्योहार नहीं है। यह बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और खान-पान से भी गहराई से जुड़ा महापर्व है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में हर दिन के अपने नियम हैं और उसी तरह हर दिन से जुड़ा एक खास भोजन भी है। नहाय-खाय की सादी लौकी-चने की दाल से लेकर खरना की गुड़ वाली खीर और छठ के खास ठेकुआ तक, इन पकवानों के बिना इस महापर्व की कल्पना करना मुश्किल है।
नहाय-खाय में लौकी और चावल
छठ की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। इस दिन व्रती स्नान और पूजा के बाद सात्विक भोजन ग्रहण करती हैं। आम तौर पर लौकी और चने की दाल की सब्जी बनाई जाती है। इसे लहसुन-प्याज के बिना तैयार किया जाता है। इसमें शुद्ध घी और सेंधा नमक का इस्तेमाल होता है।
इसके साथ अरवा चावल परोसा जाता है। अरवा चावल यानी ऐसा चावल जिसे बिना किसी तरह की पॉलिश के पकाया जाता है। इस दिन भोजन बेहद सादा रखा जाता है। व्रती के भोजन करने के बाद ही परिवार के दूसरे लोग इसे प्रसाद के तौर पर खाते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: छठ के इस गीत में क्यों होती है तोते की जान लेने की बात
खरना की गुड़ वाली खीर
छठ के दूसरे दिन खरना होता है। इस दिन व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखती हैं। शाम को पूजा के बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण किया जाता है। इसे कई जगह रसिया या रसियाव भी कहा जाता है।
इस खीर की खासियत यह है कि इसमें चीनी नहीं डाली जाती। दूध, नए चावल और गुड़ से इसे तैयार किया जाता है। पारंपरिक रूप से इसे मिट्टी के चूल्हे पर पकाने की परंपरा भी कई जगह आज तक चली आ रही है। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती का करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाता है।
ठेकुआ के बिना अधूरा है प्रसाद
छठ के प्रसाद की बात हो और ठेकुआ का नाम न आए, ऐसा हो नहीं सकता। गेहूं के आटे, गुड़ और देसी घी से तैयार होने वाला ठेकुआ इस पर्व की सबसे खास पहचान में शामिल है। स्वाद के लिए इसमें सौंफ और नारियल भी मिलाया जाता है।
आटे की लोई को लकड़ी के खास सांचे से आकार दिया जाता है और फिर धीमी आंच पर तला जाता है। इसके ऊपर बने डिजाइन इसे देखने में भी खास बनाते हैं। यही वजह है कि ठेकुआ मिठाई से आगे बढ़कर छठ की पहचान बन चुका है।
सूप में सजता है कसार
छठ के प्रसाद में कसार भी खास जगह रखता है। यह नए चावल के आटे, गुड़ और शुद्ध घी से बनाए जाने वाले लड्डू होते हैं। सामग्री को अच्छी तरह मिलाकर हाथों से लड्डू का आकार दिया जाता है। संध्या और उषा अर्घ्य के समय जब सूप में प्रसाद सजाया जाता है, तो उसमें कसार भी शामिल किया जाता है।
छठ की यही खासियत है कि यहां भोजन भी पूजा का हिस्सा बन जाता है। सामग्री से लेकर पकाने के तरीके तक में शुद्धता का ध्यान रखा जाता है। इसलिए नहाय-खाय की लौकी हो, खरना की गुड़ वाली खीर या अर्घ्य का ठेकुआ-कसार, हर पकवान अपने साथ बिहार की लोक परंपरा और घर-परिवार की याद भी लेकर आता है।
