देश

'प्रधानमंत्री जी, हमें भी शुभकामनाएं दे दीजिए...', यूजर की डिमांड पर PM मोदी ने दिया मजेदार जवाब

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवाली के मौके पर कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा को शुभकामनाएं दीं। इसके बाद मिहिर झा नाम के एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में पीएम से खुद को भी दिवाली विश करने की अपील की। प्रधानमंत्री ने उनकी पोस्ट पर जवाब देते हुए उन्हें भी दिवाली की शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पर पीएम मोदी का यह दिलचस्प अंदाज चर्चा में है।

Image

यूजर की डिमांड पर PM मोदी ने दिया मजेदार जवाब। PTI

Photo : PTI

PM Modi's Post: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सोशल मीडिया पर एक दिलचस्प अंदाज देखने को मिला है। दरअसल, दिवाली के मौके पर उन्होंने कांग्रेस नेता और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा को शुभकामनाएं दीं।

इसके बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक यूजर ने भी प्रधानमंत्री से मजाकिया अंदाज में अपने लिए शुभकामना संदेश मांग लिया। इसके बाद क्या था। पीएम मोदी ने उनके पोस्ट को भी रिपोस्ट करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दे दी।

सैम पित्रोदा को दिवाली विश कर चर्चा में आए पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को सैम पित्रोदा को दिवाली और गुजराती नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "हैप्पी दिवाली और नूतन वर्ष अभिनंदन सैम भाई और अंजना बेन। आने वाला साल आपके लिए खुशियों और अच्छी सेहत से भरा हो। जय जगन्नाथ!"

दरअसल, पीएम मोदी ने सैम पित्रोदा का एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें कांग्रेस नेता प्रधानमंत्री के साथ अपने व्यक्तिगत रिश्तों के बारे में बात कर रहे थे। पित्रोदा ने मोदी को अपना गुजराती मित्र बताते हुए कहा था कि एक इंसान के तौर पर वह उनका सम्मान करते हैं।

यूजर ने पीएम मोदी से की मजेदार मांग

पीएम मोदी की ओर से सैम पित्रोदा को दिवाली की शुभकामनाएं दिए जाने के बाद सोशल मीडिया पर एक यूजर ने मजेदार अंदाज में अपनी बात रखी। मिहिर झा नाम के यूजर ने पीएम मोदी की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए हिंदी में लिखा, "अगर आप सैम पित्रोदा को हैप्पी दिवाली विश कर सकते हैं, तो हमें भी कर दीजिए मोदी जी।"

यूजर की इस मजेदार अपील पर प्रधानमंत्री ने भी जवाब दिया। पीएम मोदी ने लिखा, "आपको भी हैप्पी दिवाली मिहिर भाई। आपका त्योहार और आने वाला साल शानदार रहे।" इसके साथ उन्होंने मुस्कुराने वाला इमोजी भी लगाया।

सैम पित्रोदा ने पीएम मोदी की तारीफ में क्या कहा था?

इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने एक इंटरव्यू में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों को लेकर खुलकर बात की थी। उन्होंने कहा था कि मोदी उनके गुजराती मित्र हैं और उनके बीच व्यक्तिगत स्तर पर कोई मतभेद नहीं हैं। पित्रोदा ने कहा कि प्रधानमंत्री उनसे गर्मजोशी से मिलते हैं। वह दयालु, स्नेही और ख्याल रखने वाले इंसान हैं। उन्होंने मोदी को अच्छा वक्ता और मेहनती भी बताया।

हालांकि, पित्रोदा ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के साथ उनकी असहमति व्यक्तिगत नहीं, बल्कि विचारधारा और दुनिया को देखने के नजरिये को लेकर है। उन्होंने कहा कि विचारों से असहमत होने के बावजूद किसी व्यक्ति के साथ बैठकर खाना खाया जा सकता है और हंसी-मजाक भी किया जा सकता है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article