वायरल न्यूज़

Viral Video: इंसानों की पार्टी छोड़िए, 'बसंती' का VIP बर्थडे देखिए, सिर पर टोपी, गले में माला और डीजे पर डांस

Viral Video: उत्तर प्रदेश में एक पशुपालक ने अपनी प्यारी भैंस 'बसंती' का जन्मदिन किसी वीआईपी की तरह बेहद धूमधाम से मनाया। घर के बाहर रंग-बिरंगे गुब्बारे लगाए गए, ढोल-नगाड़ों के साथ दो-दो स्वादिष्ट केक काटे गए और बसंती को टोपी पहनाई गई।

Image

'बसंती' का बर्थ डे सेलिब्रेशन (तस्वीर साभार- @menirbhay93)

Viral Video: आपने इंसानों के जन्मदिन पर पार्टी, केक और नाच-गाना तो खूब देखा होगा, लेकिन क्या कभी किसी भैंस (Buffalo Birthday) का बर्थडे पार्टी इतनी धूमधाम से मनाते देखा है? अगर नहीं, तो उत्तर प्रदेश से सामने आया यह वीडियो आपके चेहरे पर एक बड़ी सी मुस्कान ले आएगा। यूपी के बलिया के बड़ागांव मनियर में पशुपालक ने अपनी प्यारी भैंस 'बसंती' के जन्मदिन को इतना खास बना दिया कि देखने वाले भी देखते रह गए। इस अनोखे जश्न का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इतना ही नहीं यूजर्स इस वीडियो को काफी पसंद कर रहे हैं और उस पर जमकर चटकारे भी ले रहे हैं।

    वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि घर के मुख्य द्वार पर रंग-बिरंगे गुब्बारे और लड़ी-झालरें लगाई गई हैं। बिल्कुल वैसे ही, जैसे घर के किसी बच्चे का जन्मदिन मनाया जाता है। बसंती के सिर पर गुलाबी रंग की चमकदार बर्थडे कैप लगाई गई थी और गले में माला पहनाई गई थी। टेबल पर एक नहीं, बल्कि पूरे दो-दो बड़े केक रखे गए थे। जैसे ही केक काटने का वक्त आया, बसंती के मालिक और आसपास के युवाओं की टोली ने एक सुर में गाना शुरू कर दिया- "हैप्पी बर्थडे टू यू बसंती... हैप्पी बर्थडे बसंती"। मालिक ने बड़े प्यार से केक काटा और पहला टुकड़ा अपनी बसंती को खिलाया। बसंती ने भी बिना किसी नखरे के बड़े चाव से केक का आनंद लिया। इसके बाद युवाओं ने जमकर तालियां बजाईं, ठुमके लगाए और इस पल को यादगार बना दिया। देखें वीडियो...

    'बसंती' का बर्थडे सेलिब्रेशन

    वीडियो देखकर आपका मन भी गदगद हो गया होगा। सोच रहे होंगे कि ये बर्थ डे सेलिब्रेशन तो वाकई अनोखा है। एक्स पर इस वीडियो को menirbhay93 नाम के पेज से शेयर किया गया है। अब यह वीडियो लोगों के बीच छाया हुआ है। इतना ही नहीं वीडियो पर यूजर्स एक से एक मजेदार कमेंट भी कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि शोले में गब्बर ने बसंती को नचाया था, यहां तो बसंती के लिए पूरा गांव नाच रहा है। एक अन्य ने कमेंट करते हुए लिखा कि इंसानों की वफादारी पर भले शक हो जाए, लेकिन बेजुबान जानवरों के प्रति ऐसा प्यार दिल जीत लेता है। कुछ लोगों का कहना है कि बसंती को तो सच में वीआईपी ट्रीटमेंट मिल गया, हमारी पार्टी का क्या? तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।

    Kaushlendra Pathak
    कौशलेंद्र पाठकauthor

    कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

    और पढ़ें
    End of Article