वायरल न्यूज़

1 करोड़ कांच की चूड़ियों से सजे बप्पा, सोशल मीडिया पर छाया गणेश जी का ग्रैंड लुक, अद्भुत कलाकारी देख दुनिया हैरान

Viral Video: विशाखापट्टनम में एक करोड़ से अधिक लाल कांच की चूड़ियों से गणेश जी की पूरी प्रतिमा की भव्य सजावट की गई है। चूड़ियों को लचीली पाइप्स में डालकर लंबी-लंबी लड़ियां बनाई गईं और फिर कारीगरों की टीम ने बांस-स्कैफोल्डिंग के सहारे प्रतिमा के हाथों, पैरों और शरीर पर पूरी सटीकता से लपेटा।

Image

एक करोड़ चूड़ियों से सज रहे गणेश जी (तस्वीर साभार- @wander_vizag)

Viral Video: गणेश उत्सव के आगमन के साथ ही देश भर में अनूठे और भव्य पंडालों की बहार आ गई है। लेकिन, इस बार आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) के विशाखापट्टनम स्थित गाजुवाका में स्थापित गणेश प्रतिमा ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। यहां बप्पा का 'श्री दिव्य कंकण अलंकार महा गणपति' रूप तैयार किया गया है, जिसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इस विशाल प्रतिमा को 1 करोड़ से भी अधिक कांच की चूड़ियों से सजाया गया है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग इसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।

    इंस्टाग्राम पर wander_vizag द्वारा शेयर किया गया मेकिंग वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें भक्ति और अनूठी कारीगरी का बेजोड़ संगम देखने को मिल रहा है। आयोजकों के अनुसार, इस विशालकाय मूर्ति की सजावट के लिए लाल रंग की कांच की चूड़ियां खास तौर पर उत्तर प्रदेश से मंगवाई गई हैं, जबकि निर्माण और सजावट का काम चीराला के कुशल कारीगरों द्वारा किया गया है। पर्यावरण अनुकूल लकड़ी, बेंत और इको-फ्रेंडली बेस पर तैयार इस प्रतिमा को भव्य रूप देने के लिए दिन-रात मेहनत की गई है। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे दर्जनों महिलाएं एक साथ बैठकर लाल चूड़ियों को पाइपों में पिरो रही हैं। इसके बाद इन पाइपों की लंबी-लंबी लड़ियों को बप्पा के चरणों, हाथों और पूरे शरीर पर बारीकी से लपेटा जा रहा है। ऊंचाई पर खड़े कारीगरों तक इन चूड़ियों की लड़ियों को पहुंचाना कोई आसान काम नहीं था, लेकिन स्थानीय लोगों और महिला स्वयंसेवकों ने इसे बेहद लगन और भक्ति भाव से पूरा किया। देखें वीडियो...

    गाजुवाका में अनूठा प्रयोग

    गाजुवाका में हर साल गणेश चतुर्थी के अवसर पर अनूठे प्रयोग किए जाते हैं। इससे पहले साल 2025 में यहां 1 लाख सूती और रेशमी साड़ियों से 89 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा सजाई गई थी। इस बार 'सौभाग्य' और 'पारंपरिक संस्कृति' की प्रतीक मानी जाने वाली लाल चूड़ियों का इस्तेमाल कर इस पावन पर्व को और भी खास बना दिया गया है। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है और लोग इस कारीगरी की जमकर तारीफ भी कर रहे हैं।

    Kaushlendra Pathak
    कौशलेंद्र पाठकauthor

    कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

    और पढ़ें
    End of Article