स्पोर्ट्स

Shooting World Cup: भारतीय निशानेबाज मेडल की रेस से बाहर, ओलंपिक कोटा हासिल करने की उम्मीदों को झटका

ISSF Shooting World Cup 2026: विश्व निशानेबाजी चैंपियनशिप में एक और निराशाजनक दिन का सामना करना पड़ा जब भारतीय खिलाड़ी 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम और 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धाओं में पदक की दौड़ से बाहर हो गए जबकि एक जोड़ी के अयोग्य घोषित होने से टीम की मुश्किलें और बढ़ गईं। इसके साथ ही भारतीय निशानेबाज पदक की दौड़ से बाहर हुए और ओलंपिक कोटा हासिल करने की उम्मीदों को भी झटका लगा है।

Image

शूटिंग विश्व कप में भारतीय निशानेबाज पदक की दौड़ से बाहर (X/The NRAI)

भारतीय निशानेबाजों को बुधवार को यहां आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में एक और निराशाजनक दिन का सामना करना पड़ा जब भारतीय खिलाड़ी 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम और 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धाओं में पदक की दौड़ से बाहर हो गए जबकि एक जोड़ी के अयोग्य घोषित होने से टीम की मुश्किलें और बढ़ गईं।

सोनम उत्तम मस्कर और हिमांशु ढिल्लों की भारतीय जोड़ी 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में चार टीम के फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रही। दोनों ने कुल 632.4 अंक के साथ सातवां स्थान हासिल किया। सोनम ने 316.6 जबकि हिमांशु ने 315.8 अंक जुटाए। भारत की दूसरी जोड़ी शांभवी क्षीरसागर और पार्थ माने को अयोग्य घोषित कर दिया गया। शांभवी अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) के परिधान और उपकरणों से जुड़े नियमों के उल्लंघन की दोषी पाई गईं।

पांच महीने के भीतर किसी बड़ी प्रतियोगिता में शांभवी को इसी तरह के उल्लंघन के कारण दूसरी बार अयोग्य घोषित किया गया है। इससे पहले जून में जर्मनी के सुहल में आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप के दौरान भी उन्हें अयोग्य घोषित किया गया था जिससे भारत संभावित महिला टीम पदक से चूक गया था।

भारत की पदक की उम्मीदें 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में भी टूट गईं। देश के तीनों निशानेबाज आठ खिलाड़ियों के फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रहे। भावेश शेखावत दो दिन की क्वालीफिकेशन स्पर्धा के बाद कुल 582 अंकों के साथ भारतीयों में सर्वश्रेष्ठ 12वें स्थान पर रहे।

गुरप्रीत सिंह 579 अंक के साथ 18वें जबकि सूरज शर्मा 571 अंक लेकर 35वें स्थान पर रहे। भारत ने टीम स्पर्धा में कुल 1,732 अंक के साथ छठा स्थान हासिल किया।

विश्व चैंपियनशिप के साथ ही 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए क्वालीफिकेशन प्रक्रिया शुरू हो गई है, लेकिन भारत अब तक किसी ओलंपिक स्पर्धा में व्यक्तिगत पदक नहीं जीता है और ना ही खेलों के लिए कोटा स्थान हासिल करने में सफल रहा है।

भारत ने अब तक पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में टीम स्वर्ण और व्यक्तिगत रजत पदक जीता है। हालांकि, यह स्पर्धा ओलंपिक कार्यक्रम का हिस्सा नहीं है। इसके अलावा भारत ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल में टीम रजत पदक भी हासिल किया है।

हालांकि 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए कोटा स्थान हासिल करने की दौड़ में केवल ओलंपिक स्पर्धाओं में जीते गए व्यक्तिगत पदक ही मान्य होंगे।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article