Viral Video: सोशल मीडिया की दुनिया में जानवरों के कई क्यूट और हैरान कर देने वाले वीडियो (Trending Video) सामने आते रहते हैं, लेकिन हाल ही में सामने आया एक नन्हें हाथी का वीडियो लोगों के चेहरे पर अचानक मुस्कान ला रहा है। आमतौर पर हाथियों को बहुत समझदार जीव माना जाता है, लेकिन इस छोटे से गजराज ने अपनी बुद्धिमत्ता से साबित कर दिया कि दिमाग के मामले में वे बड़ों-बड़ों को मात दे सकते हैं। आलम ये है कि नन्हे गजराज का अंदाज लोगों के बीच छाया हुआ है और यूजर्स हाथी की जमकर तारीफ भी कर रहे हैं।
वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक छोटा हाथी बड़े हाथियों के साथ खड़ा है। तभी उसे शरीर के निचले हिस्से और पेट की तरफ खुजली महसूस होती है। क्योंकि, उसकी सूंड अभी छोटी है और सीधे उस जगह तक आराम से नहीं पहुंच सकती थी, तो उसने हार मानने के बजाय कमाल का 'देसी जुगाड़' निकाला। नन्हें हाथी ने जमीन पर पड़ी एक पतली लकड़ी को अपनी सूंड में बड़ी कुशलता से लपेटा और फिर उससे खुद को खुजाने लगा। उसकी यह 'स्मार्ट ट्रिक' देखकर हर कोई हैरान है। अपनी खुजली मिटाने के बाद यह नन्हा हाथी बड़े प्यार से वीडियो बना रहे व्यक्ति के पास आता है। वीडियो के अगले हिस्से में देखा जा सकता है कि कैसे वह व्यक्ति नन्हें हाथी को बड़े प्यार से सहलाता है और गजराज का बच्चा भी बिना किसी डर के उस इंसानी स्पर्श और दुलार को एंजॉय करता नजर आता है। देखें वीडियो...
लोगों का दिल जीत रहा है वीडियो
वीडियो देखकर आपका मन भी गदगद हो गया होगा। सोच रहे होंगे कि ये नन्हा गजराज तो बड़ा दिमाग वाला निकला। वहीं, वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि हाथी औजारों या टूल्स का इस्तेमाल करने में काफी सक्षम होते हैं। लेकिन, इतने छोटे बच्चे का खुद से समाधान ढूंढना उसकी त्वरित सोच को दर्शाता है। यह क्यूट वीडियो लोगों के बीच छाया हुआ है। एक्स पर वीडियो को susantananda3 नाम के पेज से शेयर किया गया है। वहीं, इस वीडियो पर यूजर्स जमकर कमेंट भी कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि यह नन्हा हाथी तो हम इंसानों से भी ज्यादा स्मार्ट निकला। एक अन्य यूजर ने लिखा कि आवश्यकता ही आविष्कार की जननी है, इस छोटे गजराज ने साबित कर दिया। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
