वायरल न्यूज़

VIDEO: रात 3 बजे बस स्टेशन पर यात्री को आया हार्ट अटैक, लैब टेक्नीशियन ने CPR देकर बचाई जान

गुजरात के मेहसाणा बस स्टेशन पर रात 3 बजे यात्री को हार्ट अटैक आया। लैब टेक्नीशियन कमलेशभाई चौधरी ने CPR देकर उसकी जान बचाने में मदद की।

Image

यात्री को CPR देते हुए लैब टेक्नीशियन (Times Now Navbharat)

किसी की जान बचाने के लिए कई बार सही समय पर उठाया गया एक छोटा सा कदम भी बहुत बड़ा साबित होता है। गुजरात के मेहसाणा बस स्टेशन पर ऐसा ही एक मामला सामने आया है। यहां रात करीब 3 बजे एक यात्री को अचानक हार्ट अटैक आ गया। उसकी हालत बिगड़ती देख वहां मौजूद एक स्वास्थ्यकर्मी ने बिना देर किए उसे CPR देना शुरू कर दिया। उनकी सूझबूझ और समय पर मिली मदद से यात्री की जान बच पाई। इस घटना का एक वीडियो (Video) भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि हार्ट अटैक आने के बाद यात्री अचेत होकर नीचे जमीन पर पड़ा हुआ है। वहीं, लैब टेक्नीशियन उसे CPR देते हुए नजर आ रहा है। CPR देने के दौरान अचनाक वह यात्री होश में आता है और ऊठकर बैठ जाता है। ऐसे में यात्री की जान जाने से बच जाती है।

रात 3 बजे अचानक बिगड़ी यात्री की तबीयत

जानकारी के मुताबिक, घटना मेहसाणा बस स्टेशन की है। रात करीब 3 बजे एक यात्री को अचानक हार्ट अटैक आया। उसकी हालत गंभीर हो गई और मौके पर मौजूद लोग घबरा गए। इसी दौरान वहां कच्छ जिले के रापर तालुका के स्वास्थ्य विभाग में काम करने वाले लैब टेक्नीशियन कमलेशभाई चौधरी मौजूद थे। कमलेशभाई ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत यात्री की मदद करने का फैसला किया। उन्होंने अपनी ट्रेनिंग और मेडिकल जानकारी का इस्तेमाल करते हुए यात्री को CPR देना शुरू कर दिया।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

CPR देकर बचाने की कोशिश, 108 एंबुलेंस को भी बुलाया

कमलेशभाई ने यात्री को CPR देने के साथ ही 108 एंबुलेंस सेवा को भी फोन किया। उन्होंने एंबुलेंस को जल्द से जल्द बस स्टेशन पहुंचने की सूचना दी, ताकि यात्री को आगे का इलाज मिल सके। बताया जा रहा है कि समय पर CPR मिलने और एंबुलेंस की मदद से यात्री को जरूरी चिकित्सा सहायता मिल सकी। इस दौरान कमलेशभाई ने बिना घबराए अपनी जिम्मेदारी निभाई। उनकी इसी तत्परता की अब सराहना हो रही है।

सरकारी कर्मचारियों को दी जा रही CPR की ट्रेनिंग

इस घटना ने एक बार फिर CPR की अहमियत को सामने ला दिया है। दरअसल, राज्य सरकार की ओर से अलग-अलग सरकारी विभागों के कर्मचारियों को CPR और प्राथमिक उपचार की ट्रेनिंग दी जा रही है। इसका मकसद है कि किसी व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसे जरूरी मदद मिल सके। CPR यानी कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसका इस्तेमाल तब किया जाता है जब किसी व्यक्ति का दिल धड़कना बंद कर दे या वह सामान्य रूप से सांस न ले रहा हो। इसमें छाती पर दबाव देकर शरीर में खून का बहाव बनाए रखने की कोशिश की जाती है। मेहसाणा बस स्टेशन पर कमलेशभाई चौधरी ने जिस तरह एक अनजान यात्री की मदद की, वह दूसरों के लिए भी प्रेरणा है। यह घटना बताती है कि CPR जैसी जीवनरक्षक ट्रेनिंग की जानकारी आपात स्थिति में बेहद काम आ सकती है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article