विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 25 नबंवर यानी बुधवार को बताया कि चेन्नई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के सह-संयोजक सौरव दास से सात दिनों के भीतर अपने जन्मस्थान के बारे में स्पष्टीकरण देने को कहा है। साथ ही, उन्हें सलाह दी गई है कि जब तक वे इसका जवाब नहीं देते, तब तक वे अपने पासपोर्ट का इस्तेमाल न करें।
सौरव दास की विदेश यात्रा में रुकावट आने के बाद उन्हें जारी किए गए 'शो-कॉज नोटिस' (कारण बताओ नोटिस) पर, विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल कहते हैं, 'पासपोर्ट आवेदन प्रक्रिया में आवेदक को सही जानकारी देना जरूरी होता है। अगर किसी भी स्तर पर कोई विसंगति (गड़बड़ी) सामने आती है या अधिकारियों द्वारा ऐसी कोई बात बताई जाती है, जिससे लगे कि तथ्यों को छिपाया गया है, तो हम आवेदक को 'शो-कॉज नोटिस' जारी करते हैं, ताकि उन्हें अपना पक्ष रखने का मौका मिल सके। संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों से मिली रिपोर्ट के आधार पर, चेन्नई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO) ने 23 नवंबर, 2026 को सौरव दास को एक 'शो-कॉज नोटिस' जारी किया। इसमें उनसे सात दिनों के भीतर उनके जन्मस्थान के बारे में स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही, उन्हें सलाह दी गई है कि जब तक वे अपना जवाब नहीं दे देते, तब तक वे इस पासपोर्ट का इस्तेमाल न करें।'
'जब कोई व्यक्ति पासपोर्ट के लिए आवेदन करता है और फॉर्म भरता है, तो यह मान लिया जाता है कि वह सही जानकारी देगा। अगर हमें कोई कमी या विसंगति मिलती है, जिसके बारे में अधिकारी हमारा ध्यान दिलाते हैं, तो तय प्रक्रिया के अनुसार आवेदक (या पासपोर्ट धारक) को 'शो-कॉज नोटिस' जारी किया जाता है। इस नोटिस में व्यक्ति से उन विसंगतियों या कमियों के बारे में स्पष्टीकरण मांगा जाता है, जो उनके द्वारा दी गई मूल जानकारी में सामने आई हैं...'
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: विदेश जाने से रोके जाने पर CJP नेता सौरव दास पहुंचे दिल्ली हाईकोर्ट
मंत्रालय का यह बयान तब आया है, जब दास ने आरोप लगाया कि सोमवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर उन्हें लंदन जाने वाली एक फ्लाइट (जो रात 1 बजे थी) में सवार होने से पहले रोक दिया गया।
दास ने यात्रा करने से रोकने के लिए मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया
दास ने बताया कि आव्रजन (इमिग्रेशन) अधिकारियों ने उन्हें सूचित किया कि उनके पासपोर्ट को 'फ्लैग' (चिह्नित) कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि वे ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन द्वारा आयोजित एक पैनल चर्चा में 'कॉकरोच मूवमेंट' के बारे में बात करने के लिए UK जा रहे थे। X पर एक पोस्ट में, दास ने उन्हें यात्रा करने से रोकने के लिए मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने बताया कि उन्हें कैम्ब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स और यूनिवर्सिटी ऑफ एडिनबर्ग में भी बोलने के लिए आमंत्रित किया गया था।
अभिजीत दिपके ने भी सरकार की आलोचना की
CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने भी सरकार की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे किसी व्यक्ति को ऑक्सफोर्ड से मिले निमंत्रण को लेकर दास से जलन हो रही है। दास ने कहा कि इस घटना से वे न तो अपना काम रोकेंगे और न ही भविष्य में विदेश यात्रा करने से पीछे हटेंगे।
