Vaibhav Sooryavanshi: क्रिकेट की दुनिया में जब भी कोई बड़ा रिकॉर्ड टूटता है, तो उसके पीछे सालों का अनुभव होता है। लेकिन, 15 साल के भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने मंगलवार को दोहा के मैदान पर उम्र और अनुभव की सारी परिभाषाएं बदल दीं। एसीसी मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में इंडिया-ए और संयुक्त अरब अमीरात के बीच खेले गए मुकाबले में वैभव ने ऐसा तूफान खड़ा किया, जिसकी गूंज स्टेडियम से निकलकर सीधे सोशल मीडिया की मीम फैक्ट्री तक जा पहुंची।
'बेबी बॉस' के नाम से मशहूर वैभव ने मात्र 52 गेंदों में दोहरा शतक जड़कर लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास का सबसे तेज दोहरा शतक अपने नाम कर लिया। अपनी 53 गेंदों की 204 रनों की मैराथन पारी में उन्होंने 28 गगनचुंबी छक्के और 7 चौके जड़े। बासिल हमीद की गेंद पर आउट होने से पहले वैभव ने प्रोफेशनल क्रिकेट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। वहीं, अब सोशल मीडिया पर लोग वैभव की तारीफ करते हुए नहीं थक रहे। साथ ही एक से एक मजेदा मीम भी शेयर कर रहे हैं। तो आइए, देखते हैं लोग किस तरह के रिएक्शन दे रहे हैं।
वैभव ने बनाया अनोखा रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी की इस पारी ने क्रिकेट के कई पुराने रिकॉर्ड्स को इतिहास के पन्नों में धकेल दिया है। यह पहली बार नहीं है जब वैभव ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोरी हैं। इससे पहले भी वे टी20 और लिस्ट-ए क्रिकेट में कई तूफानी शतक जड़ चुके हैं।
