शहर

फॉग अलर्ट, 26 November 2026: जरा संभलकर निकलें सड़कों पर, इन इलाकों में घने कोहरे की चेतावनी

घने कोहरे के कारण आईएमडी का अलर्ट, कैसी रहेगी मौसम की चाल: दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में गुरुवार 26 नवंबर को घने कोहरे का अलर्ट है। कम विजिबिलिटी से ट्रेन, फ्लाइट और सड़क यातायात प्रभावित होने की आशंका है।

Image

कल देश के कई हिस्सों में कोहरे का अलर्ट

फॉग अलर्ट, 26 November 2026: उत्तर भारत में मौसम तेजी से बदल रहा है। तापमान लगातार गिर रहा है और इस बीच कोहरे की वजह से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दिल्ली-NCR सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में कल यानी गुरुवार 26 नवंबर की सुबह लोगों को घने कोहरे का सामना करना पड़ सकता है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।

कोहरे के चलते गुरुवार सुबह के समय विजिबिलिटी कम होने की आशंका है। घने कोहरे का असर सड़क, रेल और हवाई यातायात पर भी पड़ सकता है। कम विजिबिलिटी के चलते हाईवे पर गाड़ी चलाना मुश्किल हो सकता है और रफ्तार कम होने से यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में ज्यादा समय लग सकता है।

IMD के मुताबिक, घने कोहरे का असर खासतौर पर रात और सुबह के समय ज्यादा देखने को मिल सकता है। ऐसे में अगर आप गुरुवार सुबह किसी जरूरी काम से घर से निकल रहे हैं या लंबी दूरी की यात्रा करने वाले हैं, तो मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर ही निकलें। यही नहीं, मॉर्निंग वॉक या ईवनिंग वॉक के लिए जाने वाले लोगों को सलाह दी जाती है कि सड़क पर वॉक से बचें।

दिल्ली-NCR, पंजाब और हरियाणा में कोहरे की चेतावनी

मौसम विभाग के आज के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में गुरुवार 26 और शुक्रवार 27 नवंबर को कुछ जगहों पर घना कोहरा छाने की संभावना है। पंजाब में शनिवार 28 नवंबर तक घने कोहरे का अलर्ट है।

हिमाचल प्रदेश में भी 29 नवंबर तक कुछ इलाकों में घने कोहरे के चलते दिक्कतें हो सकती हैं। असम, मेघालय, मणिपुर और त्रिपुरा में शुक्रवार 27 नवंबर तक कुछ स्थानों पर घने कोहरे की स्थिति बन सकती है। ओडिशा में आज और कल कोहरे का असर रहने का अनुमान है।

ट्रेन, फ्लाइट और सड़क यातायात पर क्या होगा असर?

घने कोहरे के कारण प्रभावित क्षेत्रों के कुछ एयरपोर्ट, हाईवे और रेलवे रूट पर यातायात प्रभावित हो सकता है। कम विजिबिलिटी के कारण विमानों के संचालन में परेशानी और ट्रेनों की आवाजाही में देरी की आशंका रहती है। अगर आप ट्रेन या हवाई मार्ग से यात्रा करने वाले हैं तो पहले ट्रेन या फ्लाइट की शेड्यूल में बदलाव के बारे में पता कर लें। हालांकि, फिलहाल कोहरे के कारण ट्रेन या फ्लाइट कैंसिल होने की तत्काल कोई जानकारी नहीं है।

सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो सकती है। पर्याप्त सावधानी नहीं बरतने पर सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ सकता है। हाईवे पर निकलते समय फॉग लैंप का इस्तेमाल करें और आगे चल रही गाड़ी से पर्याप्त दूरी बनाकर रखें।

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी दिल्ली में गुरुवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। हालांकि, सुबह के समय हल्की धुंध और कुछ जगहों पर कोहरा देखने को मिल सकता है। न्यूनतम तापमान में गिरावट के चलते सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ेगा। खासतौर पर सुबह जल्दी घर से निकलने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article