टेक एंड गैजेट्स

Google और Meta पर लग सकता है भारी जुर्माना, कमाई का 5% देना होगा, ऑस्ट्रेलिया में बना नया कानून

ऑस्ट्रेलिया ने Digital Duty of Care कानून पास किया है। इसके तहत Google और Meta जैसी कंपनियों पर ऑनलाइन हानिकारक कंटेंट नहीं रोकने पर ग्लोबल रेवेन्यू का 5% तक जुर्माना लग सकता है।

Image

Google और Meta जैसी कंपनियां होंगी निशाने पर

दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों Google और Meta की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। ऑस्ट्रेलिया ने इंटरनेट पर हानिकारक कंटेंट को रोकने के लिए एक नया कानून पास किया है। इसके तहत अब टेक कंपनियों की जिम्मेदारी होगी कि वे अपने प्लेटफॉर्म पर मौजूद खतरनाक और नुकसान पहुंचाने वाले कंटेंट की पहचान करें और उसे समय रहते हटाएं। ऐसा नहीं करने पर कंपनियों को अपने ग्लोबल सालाना रेवेन्यू का 5% तक जुर्माना देना पड़ सकता है। यह रकम अधिकतम 109 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर यानी करीब 72 मिलियन अमेरिकी डॉलर तक हो सकती है। इस कानून का नाम Digital Duty of Care है।

एक साल बाद लागू होगा नया कानून

ऑस्ट्रेलिया की संसद ने Digital Duty of Care बिल को मंजूरी दे दी है। इसे कानून के रूप में लागू होने में करीब एक साल का समय लगेगा। इसका मकसद इंटरनेट कंपनियों को ऑनलाइन सुरक्षा के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार बनाना है। अभी तक प्लेटफॉर्म पर किसी नुकसानदायक कंटेंट के सामने आने के बाद कार्रवाई करने पर ज्यादा जोर रहता था, लेकिन नए कानून के तहत कंपनियों को संभावित खतरों की पहले से पहचान करनी होगी। यानी नुकसान होने का इंतजार करने के बजाय उसे रोकने के लिए पहले ही कदम उठाने होंगे।

Google और Meta जैसी कंपनियां होंगी निशाने पर

इस कानून का असर Google और Meta जैसी बड़ी टेक कंपनियों पर पड़ सकता है। इन कंपनियों के प्लेटफॉर्म पर हर दिन बड़ी संख्या में पोस्ट, वीडियो और दूसरे तरह का कंटेंट अपलोड होता है। नए नियमों के तहत उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल लोगों को नुकसान पहुंचाने या खतरनाक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए न हो। नियमों का पालन नहीं करने वाली कंपनियों पर भारी आर्थिक जुर्माना लगाया जा सकता है। इससे ऑस्ट्रेलिया में कारोबार करने वाली वैश्विक टेक कंपनियों पर नियामकीय दबाव बढ़ने की संभावना है।

किस तरह के कंटेंट पर होगी कार्रवाई?

Digital Duty of Care कानून के दायरे में कई तरह के नुकसानदायक कंटेंट को शामिल किया गया है। इसमें महिलाओं के प्रति नफरत या लैंगिक समानता के खिलाफ माहौल बनाने वाली सामग्री शामिल है। इसके अलावा अपराधों का महिमामंडन करने, खतरनाक स्टंट के लिए लोगों को उकसाने और गंभीर नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले कंटेंट पर भी कार्रवाई की जा सकती है। इसका उद्देश्य ऐसे कंटेंट को यूजर्स तक पहुंचने से पहले रोकना है, जिससे समाज और लोगों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है।

सरकार ने टेक कंपनियों को दी साफ चेतावनी

ऑस्ट्रेलिया की कम्युनिकेशंस मिनिस्टर अनिका वेल्स ने इस कानून को ऑनलाइन सुरक्षा की दिशा में बड़ा सुधार बताया है। उन्होंने कहा कि टेक कंपनियां अब अपने प्लेटफॉर्म इस्तेमाल करने वाले ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी से बच नहीं सकतीं। वेल्स ने इस बदलाव की तुलना देश में सीट बेल्ट अनिवार्य करने, सिगरेट की सादी पैकेजिंग और गन कंट्रोल जैसे पुराने सुरक्षा उपायों से भी की। सरकार का मानना है कि इंटरनेट कंपनियों को भी लोगों की सुरक्षा के लिए उसी तरह जिम्मेदार होना चाहिए, जैसे दूसरे उद्योगों को अपने ग्राहकों की सुरक्षा का ध्यान रखना पड़ता है।

टेक कंपनियों को क्यों है नए कानून से परेशानी?

हालांकि, इस कानून को लेकर टेक इंडस्ट्री और फ्री स्पीच की वकालत करने वाले लोगों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि नुकसानदायक कंटेंट की परिभाषा काफी व्यापक रखी गई है। इससे सरकार को यह तय करने की ज्यादा छूट मिल सकती है कि किस तरह की सामग्री को हानिकारक माना जाए। कंपनियों को डर है कि नियमों का पालन नहीं करने पर भारी जुर्माना लगने के खतरे के कारण उन्हें अपने प्लेटफॉर्म पर कंटेंट हटाने में जरूरत से ज्यादा सख्ती करनी पड़ सकती है।

फ्री स्पीच पर भी पड़ सकता है असर

नए कानून को लेकर एक बड़ी चिंता यह भी है कि टेक कंपनियां कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए ऐसे कंटेंट को भी हटा सकती हैं, जो वास्तव में गलत या नुकसानदायक नहीं है। उदाहरण के लिए, किसी संवेदनशील सामाजिक या राजनीतिक मुद्दे पर की गई सामान्य टिप्पणी भी प्लेटफॉर्म की सख्त मॉडरेशन नीति के कारण हटाई जा सकती है। इससे इंटरनेट पर अभिव्यक्ति की आजादी प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। अब देखना होगा कि कानून लागू होने के बाद ऑस्ट्रेलिया सरकार ऑनलाइन सुरक्षा और फ्री स्पीच के बीच संतुलन कैसे बनाती है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article