Rajnath Singh on Rahul Gandhi: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कर्नाटक के कलबुर्गी में कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का रिजीम चेंज का सपना कभी पूरा नहीं होगा। कांग्रेस जब चुनाव में मोदी को हरा नहीं पाई, तो अब वह अराजकता फैलाकर सत्ता बदलने की साजिश कर रही है। कलबुर्गी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि अब जब कांग्रेस की सारी चालें फेल हो गई हैं, तो कांग्रेस और उसके सहयोगी कह रहे हैं कि मोदी ऐसे नहीं जाएंगे, अब यहां रिजीम चेंज होना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस अराजकता फैलाकर, अशांति फैलाकर और खून-खराबा भड़काकर सरकार बदलना चाहती है?
राजनाथ सिंह का कांग्रेस पर तीखा हमला
राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारे कई पड़ोसी देशों में इसी तरह रिजीम चेंज हुआ है। वहां सड़कों पर अराजकता फैलाई गई और फिर सरकारें गिराई गईं। क्या कांग्रेस भारत में भी वही मॉडल लागू करना चाहती है? उन्होंने राहुल गांधी को सीधी चेतावनी देते हुए कहा कि भारत का लोकतंत्र इतना कमजोर नहीं है कि आपकी पार्टी के लोग सड़कों पर हंगामा करके इसे हिला दें। उन्होंने साफ कहा कि सड़कों पर अराजकता फैलाकर रिजीम चेंज का जो सपना आपने देखा है, उसे भूल जाइए। हिंदुस्तान में सत्ता कभी अराजकता से नहीं बदलेगी। अगर सत्ता बदलेगी तो सिर्फ और सिर्फ वोट से बदलेगी, जनता के फैसले से बदलेगी।
'कांग्रेस लोकतंत्र की नींव कर रही कमजोर'
रक्षा मंत्री ने कहा कि सत्ता और कुर्सी की जिद में कांग्रेस लगातार लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। अपने 60 साल के शासन में कांग्रेस ने तीन बड़ी गलतियां कीं। पहली गलती 1975 में हुई, जब इंदिरा गांधी ने इमरजेंसी लगाकर लोकतंत्र का गला घोंट दिया। दूसरी गलती 1984 में हुई, जब कांग्रेस के संरक्षण में सिख भाई-बहनों का खुलेआम नरसंहार हुआ। तीसरी सबसे बड़ी गलती आज हो रही है, जब कांग्रेस संविधान, संवैधानिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं को लगातार कमजोर कर रही है।
ईवीएम पर सवाल उठाने पर कांग्रेस को घेरा
राजनाथ सिंह ने ईवीएम पर सवाल उठाने को लेकर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी खुद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन पर सवाल उठा रही है। क्या आपके समय में ईवीएम नहीं थी? आप जैसे चाहें वैसे चुनाव करा लीजिए, हिंदुस्तान में सरकार बनेगी तो मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए की, बीजेपी की सरकार ही बनेगी। उन्होंने याद दिलाया कि जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब क्या बीजेपी नहीं जीती थी? जब मोदी जी पहली बार प्रधानमंत्री बने, तब मुख्य चुनाव आयुक्त किसके शासन में नियुक्त हुए थे? वह भी कांग्रेस के ही शासन में हुए थे। इसलिए ईवीएम का बहाना बनाना बंद कीजिए। राजनाथ सिंह ने कहा कि जनता नारों पर नहीं, काम पर भरोसा करती है। बीजेपी विकास, सुशासन और राष्ट्रहित पर काम कर रही है, जबकि कांग्रेस सिर्फ कुर्सी के लिए लोकतंत्र को बदनाम कर रही है।
