वायरल न्यूज़

Social Media पर छाया यह पेटू तेंदुआ है कहां का? बढ़ते वजन को देख चिड़ियाघर वाले भी मान गए हार

सोशल मीडिया पर हाल में एक गोल-मटोल तेंदुए की तस्वीर खूब वायरल हो रही है। आपके फीड पर भी इस तेंदुए की तस्वीर और वीडियो जरूर आई होगी। लोग उसके मोटापे को देखकर हैरत में हैं।

Image

इस गोल-मटोल तेंदुए की तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। (Instagram/@howeverythingworks, FB/@Dark Science)

सोशल मीडिया (Social Media) पर जानवरों के कई मजेदार वीडियो वायरल होते रहते हैं। कभी किसी जानवर की हरकत लोगों को हंसने पर मजबूर कर देती है, तो कभी किसी का अनोखा लुक पूरे इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन जाता है। इन दिनों चीन का एक तेंदुआ अपने लुक की वजह से ही इंटरनेट पर छाया हुआ है। इस तेंदुए का शरीर इतना गोल-मटोल है कि लोग इसकी तुलना डिज्नी की मशहूर एनिमेटेड फिल्म 'ज़ूटोपिया' (Zootopia) के पुलिस अफसर क्लॉहॉसर (Officer Clawhauser) से कर रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि चिड़ियाघर ने उसका वजन कम करने की काफी कोशिश की, लेकिन अब यह योजना बंद कर दी गई है।

16 साल का तेंदुआ बना इंटरनेट स्टार

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुासर, यह तेंदुआ चीन के सिचुआन प्रांत के पानझिहुआ चिड़ियाघर (Panzhihua Zoo) में रहता है। इसकी उम्र करीब 16 साल है। मार्च में इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में तेंदुआ बेहद आराम से टहलता दिखाई देता है। उसका शरीर काफी भारी और गोल-मटोल है, जबकि सिर उसके शरीर के मुकाबले छोटा नजर आता है। उसका यही अंदाज लोगों को फिल्म 'ज़ूटोपिया' (Zootopia) के पुलिस अफसर क्लॉहॉसर (Officer Clawhauser) की याद दिलाने लगा। इसके बाद इंटरनेट पर इसे चीन का अफसर क्लॉहॉसर (China's Officer Clawhauser) कहा जाने लगा। देखते ही देखते यह तेंदुआ चिड़ियाघर का सबसे बड़ा आकर्षण बन गया।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

तेंदुए को देखने के लिए पहुंच रहे लोग

इस वायरल वीडियो (Viral Video) का फायदा चिड़ियाघर को भी मिला है। अब बड़ी संख्या में लोग इस खास तेंदुए को देखने पहुंच रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल चिड़ियाघर की टिकट बिक्री से करीब 1.90 लाख युआन यानी लगभग 26 हजार डॉलर की कमाई हुई। यह कमाई साल 2023 के मुकाबले ज्यादा है। यह चिड़ियाघर चीन के एक छोटे शहर में है। यहां सामान्य दिनों में टिकट की कीमत सिर्फ 2 युआन और छुट्टियों में 3 युआन है। लोग इसे 'जमीर वाला चिड़ियाघर' भी कहते हैं, क्योंकि यहां टिकट से होने वाली कमाई का बड़ा हिस्सा जानवरों के खाने पर खर्च किया जाता है।

वजन घटाने के लिए बदला खानपान, फिर भी नहीं हुआ फायदा

तेंदुए का वजन देखकर चिड़ियाघर के कर्मचारियों ने उसे फिट बनाने की कोशिश शुरू की। इसके लिए उसकी डाइट कम की गई और खाना देने का तरीका भी बदला गया। विशेषज्ञों ने सलाह दी थी कि भोजन ऐसी जगह रखा जाए, जहां तक पहुंचने के लिए तेंदुए को थोड़ी मेहनत करनी पड़े। इससे उसकी शारीरिक गतिविधि बढ़ सकती थी और मानसिक स्वास्थ्य को भी फायदा मिल सकता था लेकिन करीब दो महीने तक कोशिश करने के बाद भी तेंदुए के वजन में कोई खास बदलाव नहीं आया। इसके बाद कई विशेषज्ञों से सलाह ली गई। विशेषज्ञों का मानना था कि 16 साल की उम्र में तेंदुए के लिए इस तरह के बदलाव करना ठीक नहीं होगा इसलिए चिड़ियाघर ने वजन घटाने की योजना बंद कर दी।

अब सेहत और खुशी का रखा जा रहा ध्यान

चिड़ियाघर के कर्मचारियों के मुताबिक, तेंदुए को फिलहाल कोई स्वास्थ्य समस्या नहीं है। उनका कहना है कि जब तक वह स्वस्थ और खुश है, तब तक सब ठीक है। रिपोर्ट के अनुसार, जंगल में तेंदुए आमतौर पर 12 से 17 साल तक जीवित रहते हैं, जबकि चिड़ियाघर में उनकी उम्र 23 साल तक हो सकती है। चिड़ियाघर की पुरानी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं हैं। हालांकि, कर्मचारियों ने तेंदुए के पुराने बाड़े को हटाकर उसके रहने की जगह दोगुनी कर दी है। अब इस गोल-मटोल तेंदुए को देखने के लिए आने वाले लोग उसकी मस्ती और आराम से चलने के अंदाज का आनंद लेते हैं।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article