वायरल न्यूज़

VIDEO: विदेशी धरती पर गूंजा हनुमान भजन, अमेरिकी सिंगर ने एकतारा लेकर गाया गीत

एक विदेशी सिंगर ने ‘हनुमान अंश’ का लोकप्रिय भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ एकतारा के साथ गाया। उनका वीडियो 15 लाख से ज्यादा व्यूज के साथ वायरल हो रहा है।

Image

अमेरिकी सिंगर ने गाया ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ (Instagram/@allwavesandforever)

भारत के भक्ति गीत और संगीत अब देश की सीमाओं से बाहर भी लोगों को अपनी ओर खींच रहे हैं। इन दिनों सोशल मीडिया (Social Media) पर एक अमेरिकी सिंगर का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह ‘हनुमान अंश’ फिल्म के लोकप्रिय भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ को बेहद भावपूर्ण अंदाज में गाते नजर आ रहा है।

अमेरिकी सिंगर ने गाया ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’

इस वीडियो (Video) में अमेरिकी जियोलॉजिस्ट, वैदिक मेडिटेशन टीचर और कीर्तन लीडर एलेक सोडरबर्ग दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने इस भजन को अपने अंदाज में गाया है। खास बात यह है कि उन्होंने खुद एकतारा तैयार किया और उसी के साथ भजन की धुन पर अपनी आवाज मिलाई। एलेक का यह वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया है और इसे अब तक 15 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। वीडियो में वह पूरी श्रद्धा के साथ भजन गाते दिखाई देते हैं। उनके गाने का अंदाज लोगों को काफी पसंद आ रहा है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

भारत नहीं आ सका तो अमेरिकी सिंगर ने खुद गा दिया हनुमान भजन

बताया गया कि एलेक फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखना चाहते थे, लेकिन उनके आसपास यह फिल्म कहीं नहीं चल रही थी। हालांकि फिल्म तक पहुंच नहीं हो पाई, लेकिन इसका भजन उन्हें इतना पसंद आया कि उन्होंने इसे खुद गाने का फैसला किया। एलेक ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि गाने में एकतारा बजाया गया है और उनके पास भी एकतारा था। इसलिए उन्होंने उसी वाद्य यंत्र के साथ इस भजन को गाकर रिकॉर्ड किया। वीडियो के आखिर में उन्होंने ‘जय श्री राम’ भी लिखा।

लोग बोले- भक्ति की कोई सीमा नहीं

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स एलेक की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि भक्ति की कोई भाषा या सीमा नहीं होती। कुछ यूजर्स ने उन्हें भारत आने का न्योता भी दिया। एक यूजर ने लिखा कि आप भारत आइए, आपका स्वागत है। कई लोगों ने एलेक की कोशिश की तारीफ करते हुए कहा कि भक्ति के लिए भाषा से ज्यादा भाव जरूरी हैं। वीडियो में उनका विदेशी एक्सेंट जरूर सुनाई देता है, लेकिन भजन गाने के दौरान उनका भाव और एकाग्रता लोगों का ध्यान खींच रही है।

बता दें कि ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई’ भजन को दृष्टिबाधित लोक गायक सुनील लोधी ने गाया और कंपोज किया है। यह पारंपरिक बुंदेली भजन है, जिसे फिल्म ‘हनुमान अंश’ में शामिल किया गया है। फिल्म की कहानी नीम करौली बाबा की आध्यात्मिक यात्रा और हनुमान भक्ति से जुड़ी बताई गई है। भजन में भक्त हनुमान जी पर अपना पूरा भरोसा जताता है और जीवन की मुश्किलों में उनके सहारे की बात करता है। एलेक सोडरबर्ग खुद भी वैदिक ध्यान, नाद योग और कीर्तन से जुड़े हुए हैं। उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर भारतीय मंत्रों और कीर्तन से जुड़े कई वीडियो देखने को मिलते हैं।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article