एक अच्छा क्रेडिट स्कोर (Credit Score) हो तो लोन मिलना आसान हो जाता है। आमतौर पर 750 या इससे अधिक का क्रेडिट स्कोर अच्छा माना जाता है। ऐसे में बैंक और वित्तीय संस्थान लोन आवेदन को सकारात्मक नजरिए से देख सकते हैं। हालांकि, क्रेडिट स्कोर 750 से अधिक होने का मतलब यह नहीं है कि आपको सस्ती ब्याज दर पर ही लोन मिलेगा। बैंक लोन की ब्याज दर तय करते समय आवेदक की आर्थिक स्थिति और भुगतान क्षमता से जुड़ी कई दूसरी बातों का भी आकलन करते हैं। आइए जानते हैं सस्ते लोन के लिए बैंक किन बातों को ध्यान में रखता है-
आपकी मंथली इनकम
बैंक सबसे पहले यह देखते हैं कि आपकी हर महीने कितनी कमाई होती है। नियमित और स्थिर आय वाले आवेदकों को लोन (Loan) चुकाने के लिहाज से बेहतर माना जा सकता है। इसके अलावा, बैंक यह भी देखते हैं कि आपकी आय के मुकाबले लोन की ईएमआई (EMI) कितनी होगी। अधिक आय होने के बावजूद अगर पहले से कई वित्तीय जिम्मेदारियां हैं तो ब्याज दर पर इसका असर पड़ सकता है।
पहले से चल रहे लोन और ईएमआई
अगर आपके ऊपर पहले से होम लोन (Home Loan), कार लोन (Car Loan) या पर्सनल लोन (Personal Loan) की ईएमआई (EMI) चल रही है तो बैंक इसे भी ध्यान में रखते हैं। इसके लिए आपकी डेट-टू-इनकम स्थिति या फिक्स्ड ऑब्लिगेशन टू इनकम रेशियो (FOIR) देखा जा सकता है। आय का बड़ा हिस्सा पुरानी ईएमआई चुकाने में खर्च होने पर बैंक आपको अधिक जोखिम वाला ग्राहक मान सकते हैं।
नौकरी और रोजगार की स्थिरता
लोन की ब्याज दर तय करते समय रोजगार की स्थिति भी अहम हो सकती है। बैंक देखते हैं कि आप कितने समय से मौजूदा कंपनी में काम कर रहे हैं और आपकी नौकरी कितनी स्थिर है। वहीं, कारोबार करने वाले लोगों के मामले में बिजनेस की निरंतरता, टर्नओवर और मुनाफे का आकलन किया जा सकता है।
बैंक के साथ आपका पुराना रिश्ता
जिस बैंक में आपका सैलरी अकाउंट है या जहां आप लंबे समय से बैंकिंग कर रहे हैं, वहां से बेहतर लोन ऑफर मिलने की संभावना हो सकती है। बैंक आपके खाते में नियमित ट्रांजैक्शन, बचत और पुराने लोन के भुगतान का रिकॉर्ड देखकर जोखिम का आकलन कर सकते हैं।
लोन की रकम और अवधि
आप कितनी रकम का लोन मांग रहे हैं और कितने समय के लिए चाहते हैं, यह भी ब्याज दर को प्रभावित कर सकता है। सिक्योर्ड और अनसिक्योर्ड लोन की ब्याज दरों में भी अंतर होता है। होम लोन में प्रॉपर्टी की वैल्यू और डाउन पेमेंट जैसे पहलू अहम हो सकते हैं।
इसलिए केवल 750 से अधिक क्रेडिट स्कोर देखकर सस्ते लोन की उम्मीद न करें। अलग-अलग बैंकों की ब्याज दरों, प्रोसेसिंग फीस और अन्य शर्तों की तुलना करें। इससे आपको अपनी जरूरत और भुगतान क्षमता के अनुसार बेहतर लोन ऑफर चुनने में मदद मिल सकती है।
