यूटिलिटी

सरकार ने जारी किए 5 हेल्पलाइन नंबर, कहा- फोन में कर लें सेव, एक कॉल से बदल सकती है आपकी जिंदगी

सामाजिक न्याय मंत्रालय ने अपने फेसबुक पेज पर 5 ऐसे हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं जो कभी भी आपकी मदद कर सकते हैं। मंत्रालय ने अपील की है कि इन नंबर्स को अपने फोन में जरूर सेव कर लें।

Image

सामाजिक न्याय मंत्रालय ने साझा किए हेल्पलाइन नंबर

कई बार जिंदगी की मुश्किलें ऐसी होती हैं, जिनसे अकेले निपटना आसान नहीं होता। बुजुर्गों को मदद की जरूरत हो, अनुसूचित जाति-जनजाति के लोगों के साथ अत्याचार हो, कोई नशे की लत से बाहर निकलना चाहता हो या ट्रांसजेंडर समुदाय का कोई व्यक्ति सहायता तलाश रहा हो, अब मदद पाने के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। केंद्र सरकार ने समाज के अलग-अलग वर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पांच महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर साझा किए हैं। खास बात यह है कि इन नंबरों पर मुफ्त, गोपनीय और 24 घंटे सहायता उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है।

सामाजिक न्याय मंत्रालय ने साझा किए हेल्पलाइन नंबर

सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर एक जागरूकता पोस्टर साझा किया है। इसमें समाज के पांच अलग-अलग वर्गों के लिए जारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई है। मंत्रालय का संदेश साफ है कि जरूरत के समय एक फोन कॉल किसी की जिंदगी में बड़ा बदलाव ला सकती है।

बुजुर्गों की मदद के लिए 14567 पर करें कॉल

घर में अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सहायता, मार्गदर्शन या किसी परेशानी में सहयोग चाहिए तो वे एल्डर लाइन हेल्पलाइन नंबर 14567 पर संपर्क कर सकते हैं। यह सेवा बुजुर्गों की समस्याओं को ध्यान में रखकर शुरू की गई है।

अत्याचार के खिलाफ मदद के लिए 14566

अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लोगों के साथ होने वाले अत्याचार के खिलाफ सहायता पाने के लिए पोस्टर में 14566 नंबर दिया गया है। यह राष्ट्रीय हेल्पलाइन जरूरतमंदों को सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से है।

नशे की लत छोड़ने में मिलेगी मदद

नशे की लत व्यक्ति के साथ-साथ उसके पूरे परिवार को प्रभावित करती है। ऐसे लोगों को सहायता और मार्गदर्शन देने के लिए राष्ट्रीय नशा मुक्ति हेल्पलाइन 14446 जारी की गई है। जरूरतमंद व्यक्ति इस नंबर पर संपर्क कर सकता है।

ट्रांसजेंडर समुदाय और कचरा बीनने वालों के लिए भी सुविधा

ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों की सहायता के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन 14427 उपलब्ध है। वहीं, कचरा बीनने वाले लोगों की मदद के लिए 14473 नंबर दिया गया है।

सही जानकारी जरूरतमंदों तक पहुंचाना जरूरी

मंत्रालय के इस पोस्टर का उद्देश्य लोगों को उपलब्ध सरकारी सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना है। अक्सर जानकारी के अभाव में जरूरतमंद लोग मदद नहीं ले पाते। ऐसे में इन हेल्पलाइन नंबरों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना जरूरी है। आप भी इस जानकारी को अपने परिवार, दोस्तों और आसपास के लोगों के साथ साझा करें। हो सकता है आपका एक शेयर किसी जरूरतमंद के लिए मदद का रास्ता बन जाए।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article