Diabetes and Skin Problems: डायबिटीज को आमतौर पर आंखों, किडनी और पैरों को प्रभावित करने वाली बीमारी माना जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि लगातार बढ़ा हुआ ब्लड शुगर आपकी त्वचा पर भी असर डाल सकता है? कई बार त्वचा पर होने वाले बदलाव डायबिटीज के शुरुआती संकेत भी हो सकते हैं। इसके बावजूद लोग इन्हें सामान्य खुजली, रूखापन या स्किन इंफेक्शन समझकर नजरअंदाज कर देते हैं।
इस बारे में डॉ. मनीषा अरोड़ा, डायरेक्टर - इंटरनल मेडिसिन, सीके बिरला हॉस्पिटल, दिल्ली बताती हैं कि डायबिटीज से पीड़ित करीब तीन में से एक व्यक्ति को जीवन में कभी न कभी त्वचा से जुड़ी समस्या हो सकती है। आइए डॉक्टर से 5 सवालों के जवाब में समझते हैं कि डायबिटीज का त्वचा पर क्या असर पड़ता है और किन लक्षणों को गंभीरता से लेना चाहिए।
डॉक्टर से वाल-जवाब में समझें डायबिटीज और त्वचा की समस्याएं
1. क्या डायबिटीज का असर त्वचा पर भी पड़ता है
बेशक डायबिटीज का असर केवल आंखों, किडनी और पैरों तक सीमित नहीं रहता। यह त्वचा को भी प्रभावित कर सकती है। लगातार हाई ब्लड शुगर रहने से ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होता है। त्वचा की प्राकृतिक सुरक्षा परत कमजोर हो सकती है और घाव भरने की प्रक्रिया धीमी पड़ सकती है। इससे त्वचा में रूखापन, खुजली और संक्रमण जैसी समस्याएं होने का खतरा बढ़ जाता है।
2. डायबिटीज में त्वचा पर कौन सी समस्याएं हो सकती हैं
डायबिटीज के मरीजों में मुख्य रूप से ये चार तरह की त्वचा संबंधी समस्याएं देखने को मिल सकती हैं।
- रूखी त्वचा और खुजली: हाई ब्लड शुगर और शरीर में पानी की कमी के कारण त्वचा अपनी नमी खो सकती है। इससे लगातार खुजली और रूखापन महसूस हो सकता है।
- गर्दन पर काले निशान: गर्दन, बगल और जांघों के आसपास त्वचा का गहरा, मोटा और मखमली होना Acanthosis Nigricans कहलाता है। यह अक्सर इंसुलिन रेजिस्टेंस से जुड़ा होता है।
- घाव देर से भरना: डायबिटीज में खराब ब्लड सर्कुलेशन और टिश्यू रिपेयर की प्रक्रिया प्रभावित होने से छोटे कट और चोट को ठीक होने में भी ज्यादा समय लग सकता है।
- बार-बार स्किन इंफेक्शन: डायबिटीज के मरीजों में फंगल इंफेक्शन, फोड़े और दूसरे बैक्टीरियल संक्रमण बार-बार हो सकते हैं।
3. गर्दन और बगल पर काले निशान होना क्या डायबिटीज का संकेत है
गर्दन, बगल और जांघों के आसपास त्वचा का गहरा और मोटा होना Acanthosis Nigricans कहलाता है। इसमें त्वचा पर गहरे रंग के मखमली पैच दिखाई देते हैं। यह स्थिति अक्सर इंसुलिन रेजिस्टेंस से जुड़ी होती है। कई बार यह टाइप-2 डायबिटीज होने के बढ़ते खतरे का शुरुआती संकेत भी हो सकती है। हालांकि, केवल काले निशानों के आधार पर डायबिटीज की पुष्टि नहीं की जा सकती। इसके लिए ब्लड शुगर की जांच जरूरी है।
4. डायबिटीज में घाव भरने में ज्यादा समय क्यों लगता है
हाई ब्लड शुगर के कारण ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित हो सकता है। इससे त्वचा और शरीर के टिश्यू तक पर्याप्त पोषक तत्व पहुंचने में परेशानी होती है। साथ ही शरीर की घाव भरने की क्षमता भी कमजोर हो सकती है। यही वजह है कि छोटी चोट, कट या छिलने पर भी घाव ठीक होने में ज्यादा समय लग सकता है। पैरों में होने वाले घावों को विशेष रूप से गंभीरता से लेना चाहिए, क्योंकि इनमें संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
5. डायबिटीज के मरीज त्वचा की समस्याओं से बचने के लिए क्या करें
डायबिटीज के मरीजों को अपनी त्वचा की देखभाल को भी रोजमर्रा की हेल्थ रूटीन का हिस्सा बनाना चाहिए। इसके लिए नियमित रूप से ब्लड शुगर की जांच कराएं। त्वचा को साफ रखें और रूखेपन से बचाने के लिए मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करें। पैरों और उंगलियों के बीच किसी तरह के घाव, खुजली या संक्रमण पर ध्यान दें। अगर त्वचा पर असामान्य बदलाव दिखाई दें, बार-बार फंगल इंफेक्शन हो या घाव ठीक होने में ज्यादा समय लगे, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
डायिबटीज और त्वचा की समस्या पर एक्सपर्ट की सलाह
डॉ. मनीषा अरोड़ा के मुताबिक, डायबिटीज पूरे शरीर को प्रभावित करने वाली बीमारी है। त्वचा में होने वाले असामान्य बदलाव कई बार अनियंत्रित ब्लड शुगर का संकेत हो सकते हैं। इसलिए इन्हें अलग-अलग स्किन प्रॉब्लम मानकर नजरअंदाज करने के बजाय समय पर मेडिकल जांच कराना जरूरी है। नियमित हेल्थ चेकअप, ब्लड शुगर मॉनिटरिंग और सही स्किन केयर से इन समस्याओं को बेहतर तरीके से मैनेज किया जा सकता है।
