क्रिकेट

'मुझे अपने पसंद की टीम चुनने की आजादी नहीं थी', सचिन तेंदुलकर ने अपने कप्तानी कार्यकाल का 'काला अध्याय' बयां किया

Sachin Tendulkar On His Captaincy Tenure: टीम इंडिया के महान पूर्व बैटर सचिन तेंदुलकर ने एक ऑनलाइन सवाल-जवाब सत्र में फैंस के सवालों के जवाब दिए। इस दौरान जब उनके कप्तानी कार्यकाल से जुड़ा सवाल हुआ तो सचिन ने खुलकर उस काले अध्याय को सामने रख दिया।

Image

सचिन तेंदुलकर

Photo : PTI

भारत के महान पूर्व बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर जब भी कोई बात रखते हैं तो क्रिकेट फैंस के लिए वो काफी मायने रखती है। इस बार उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम के साथ अपने कप्तानी के कार्यकाल के बारे में खुलकर बात की और उस दौर पर अपनी ईमानदार राय रखी। सचिन तेंदुलकर, जिन्हें सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में से एक माना जाता है, ने बताया कि उन्हें अपनी पसंद के खिलाड़ियों को टीम में चुनने की पूरी आजादी नहीं थी। उन्होंने ये भी कहा कि उस समय की तुलना में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) अब कहीं अधिक पेशेवर हो गया है।

सचिन ने अपने कार्यकाल के अंत में भारतीय क्रिकेट को प्रभावित करने वाले मैच-फिक्सिंग विवाद का भी जिक्र किया और उस दौर को राष्ट्रीय टीम के लिए एक 'काला अध्याय' (डार्क फेज़) बताया। रेडिट पर 'आस्क मी एनीथिंग' (मुझसे कुछ भी पूछें) सेशन के दौरान एक सवाल का जवाब देते हुए सचिन ने कहा, "कप्तान के तौर पर टीम का नेतृत्व करना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात थी। हालांकि, मुझे हमेशा अपनी टीम खुद चुनने की पूरी आजादी नहीं थी। 1990 के दशक की तुलना में आज का BCCI कहीं अधिक पेशेवर संगठन है। उस दौर में भारतीय क्रिकेट एक बहुत ही बुरे दौर से भी गुजरा था।"

इसके अलावा, जब सचिन से उन कप्तानों के बारे में पूछा गया जिनके नेतृत्व में उन्होंने खेला था, तो उन्होंने सौरव गांगुली और महेंद्र सिंह धोनी का नाम लिया। आपको बता दें कि सचिन तेंदुलकर ने 1996-1997 और 1999-2000 के बीच दो अलग-अलग दौर में भारतीय टीम की कप्तानी की थी।उन्होंने 25 टेस्ट मैचों में टीम का नेतृत्व किया, जिनमें से भारत ने केवल चार मैच जीते और नौ मैचों में हार का सामना किया। वहीं, 12 मैच ड्रॉ पर खत्म हुए। वनडे क्रिकेट की बात करें तो, उन्होंने 73 मैचों में कप्तानी की, जिनमें से भारतीय टीम ने 23 मैच जीते और 43 मैचों में हार झेली।

अपने पहले कार्यकाल के दौरान सचिन को अचानक कप्तानी से हटा दिया गया था, क्योंकि मोहम्मद अजहरुद्दीन की वापसी हुई और उन्होंने 1999 विश्व कप तक टीम की कमान संभाली। उस बड़े टूर्नामेंट में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद, सचिन फिर से कप्तान बने, लेकिन एक साल बाद ही उन्होंने यह पद छोड़ दिया। उनके बाद सौरव गांगुली कप्तान बने, जिसके साथ ही भारतीय क्रिकेट में एक नए दौर की शुरुआत हुई।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article