सूरत के कतारगाम इलाके में एक कब्रिस्तान से सिर कटा शव मिलने के मामले में पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। शुरुआती जांच के मुताबिक, महज 30 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या की गई। आरोप है कि हत्या के बाद शव को कब्रिस्तान में फेंक दिया गया और पहचान छिपाने के लिए उसका सिर धड़ से अलग कर रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, उसके बेटे की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
कब्रिस्तान में मिला सिर कटा शव, रेलवे ट्रैक पर मिला सिर
कतारगाम पुलिस को 3 नवंबर की रात वस्ता देवड़ी रोड स्थित सीएआई क्रिश्चियन कब्रिस्तान में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कब्रिस्तान परिसर में एक कब्र के पत्थर के पास करीब 30 से 35 साल के अज्ञात व्यक्ति का सिर कटा धड़ मिला। शव के शरीर पर केवल फटा हुआ अंडरवियर था।पुलिस ने मौके पर पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सूरत के स्मीमेर अस्पताल भेज दिया। इसके बाद आसपास के इलाके में तलाशी शुरू की गई। कतारगाम पुलिस स्टेशन के PI एल.आर. गोहिल के मुताबिक, पुलिस को कुछ दूरी पर रेलवे ट्रैक से मृतक का सिर भी बरामद हुआ।
30 हजार रुपये के लेन-देन में हुआ विवाद
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक और आरोपी के बीच 30 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। रविवार सुबह दोनों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि आरोपी और उसके बेटे ने मृतक की बाइक पर उसे अगवा किया और अपने घर ले जाकर बंधक बना लिया। सूत्रों के मुताबिक, रविवार सुबह आरोपी का बेटा बारडोली चला गया था, जबकि आरोपी घर पर ही मौजूद था। बाद में गुस्से में आकर उसने कथित तौर पर मृतक के गले पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को कब्रिस्तान में फेंक दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी बाद में दोबारा कब्रिस्तान पहुंचा और मृतक का सिर धड़ से अलग कर रेलवे ट्रैक पर फेंक आया, ताकि उसकी पहचान न हो सके।
