UP TET Revised Result 2026: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी यूपीटीईटी 2026) को लेकर एक बडा फैसला सुनाया है। हाईकोर्ट ने यूपी टीईटी के मास्टर सेट के दो विवादित प्रश्नों (प्रश्न संख्या 36 व 37) को मूल्यांकन से बाहर करने और 148 प्रश्नों के आधार पर रिजल्ट तैयार करने का निर्देश दिया है। अब जल्द ही उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) की ओर से नए सिरे से सभी उम्मीदवारों का रिजल्ट तैयार कर घोषित किया जायेगा। आपको बता दें कि आयोग की वेबसाइट से फिलहाल रिजल्ट का लिंक डी-एक्टिवेट कर दिया गया है।
26 अगस्त को आया था रिजल्ट
आयोग द्वारा यूपी टीईटी का रिजल्ट 26 अगस्त को जारी किया गया था। उसके बाद से ही नतीजों का लिंक वेबसाइट पर एक्टिव था लेकिन अब इसे UPESSC द्वारा डी-एक्टिवेट कर दिया गया है। इलाहाबाद हाई कोर्ट के इस आदेश का परीक्षा में शामिल लाखों अभ्यर्थियों के परिणाम पर सीधा असर पड़ने की संभावना है। 148 अंकों के आधार पर दोबारा मूल्यांकन होने से कट-ऑफ नए सिरे से तय की जाएगी। ऐसे में पात्रता परीक्षा में महज 1 या 2 अंकों से सफलता से चूक गए अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
इन स्टेप्स से परिणाम कर सकेंगे चेक
स्टेप 1 - यूपीटीईटी रिजल्ट जारी होते ही सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जाना होगा।
स्टेप 2 - वेबसाइट के होम पेज पर UPTET Result पर क्लिक करना होगा।
स्टेप 3 - इसके बाद रोल नंबर एवं डेट ऑफ बर्थ दर्ज करके साइन इन पर क्लिक करना होगा।
स्टेप 4 - स्कोरकार्ड स्क्रीन पर ओपन हो जायेगा जहां से आप इसे डाउनलोड करके रिजल्ट चेक कर पाएंगे।
फरवरी के अंत में हो सकती है अगली टीईटी
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग फरवरी 2027 के अंतिम सप्ताह में एक बार फिर उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) आयोजित करने की तैयारी कर रहा है। प्रस्तावित कार्यक्रम को इलाहाबाद हाईकोर्ट के समक्ष पेश किया जा सकता है। आयोग ने आगामी वर्षों में टीईटी परीक्षा साल में दो बार आयोजित करने की योजना बनाई है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत जनवरी और जुलाई में परीक्षा कराई जा सकती है। राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) की गाइडलाइन में भी साल में दो बार टीईटी आयोजित करने की बात कही गई है।
