किसी बड़े पद पर बैठे व्यक्ति का छोटा सा अच्छा व्यवहार भी लोगों के दिल को छू सकता है। ऐसा ही एक खूबसूरत पल अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का वीडियो (Video) सामने आने के बाद देखने को मिला है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में क्राउन प्रिंस अपने भारतीय ड्राइवर से मिलने के लिए जाते-जाते वापस लौटते नजर आ रहे हैं। उनके इस छोटे से गेस्चर की सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हो रही है। लोग कह रहे हैं कि व्यस्त कार्यक्रम और बड़े पद के बावजूद उन्होंने अपने साथ काम करने वाले व्यक्ति को सम्मान देना नहीं भूला।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
ड्राइवर से मिलने के लिए वापस लौटे प्रिंस
दरअसल, शेख खालिद भारत दौरे पर आए हुए थे। वह नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे। सम्मेलन खत्म होने के बाद जब वह वापस जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी यह खास पल कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। वायरल वीडियो में दिखाई देता है कि क्राउन प्रिंस वहां मौजूद अधिकारियों और अन्य लोगों से मुलाकात कर रहे हैं। इसके बाद वह अपने प्लेन की ओर बढ़ने लगते हैं। ऐसा लगता है कि अब वह रवाना होने वाले हैं, लेकिन कुछ ही पल बाद वह अचानक वापस मुड़ जाते हैं। वह अपनी कार के पास पहुंचते हैं और वहां मौजूद भारतीय ड्राइवर से हाथ मिलाते हैं। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत भी होती है। इसके बाद क्राउन प्रिंस वहां से रवाना हो जाते हैं।
सोशल मीडिया पर लोगों ने की जमकर तारीफ
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, क्राउन प्रिंस की कार चलाने वाला ड्राइवर भारतीय था। यही वजह है कि यह वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर लोगों का खास ध्यान खींच रहा है। लोगों का कहना है कि अक्सर बड़े पदों पर बैठे लोगों के आसपास सुरक्षा और प्रोटोकॉल की वजह से आम लोगों से दूरी बनी रहती है लेकिन शेख खालिद ने अपने ड्राइवर से मिलने के लिए वापस लौटकर यह दिखाया कि सम्मान देने के लिए किसी बड़े अवसर की जरूरत नहीं होती। कई यूजर्स ने इस पल को सादगी और इंसानियत की मिसाल बताया। कुछ लोगों ने कहा कि किसी व्यक्ति का असली कद उसके पद से नहीं, बल्कि उसके व्यवहार से पता चलता है।
ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने आए थे भारत
शेख खालिद नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में संयुक्त अरब अमीरात का प्रतिनिधित्व करने भारत आए थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच ऊर्जा, व्यापार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, शिक्षा और पर्यटन जैसे कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई। पश्चिम एशिया की स्थिति और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। हालांकि, इन बड़ी कूटनीतिक बैठकों के बीच क्राउन प्रिंस का अपने भारतीय ड्राइवर से मिलने के लिए वापस लौटना सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा में है।
