सोशल मीडिया पर आए दिन सड़क हादसे के वीडियो सामने आते रहते हैं। हाल में ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों खूब वायरल हो रहा है, जो सड़क सुरक्षा की अनदेखी के खतरों को बखूबी बयां कर रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला तेज रफ्तार में स्कूटी चलाते हुए व्यस्त सड़क पार करने की कोशिश कर रही है, लेकिन अगले ही पल वह अपनी ही एक छोटी सी चूक की वजह से हादसे का शिकार बन गई।
बेपरवाह होकर स्कूटी चला रही थी महिला
वीडियो में आप देख सकते हैं कि महिला अपनी स्कूटी पर फर्राटे भरते हुए सड़क के बीचों-बीच से निकलते हुए रॉन्ग साइड पहुंच जाती है। ऐसे में पहले ही वह कई गाड़ियों को चकमा देते हुए निकलती है। जिससे वह बाल-बाल बचती है। लेकिन आखिर में जब उसे सड़क पार कर दूसरे लेन में जाना होता है तब वह बिना दाएं-बाएं देखे सड़क को पार करने लगती है। तभी पीछे से आ रही एक ट्रक उसकी स्कूटी को टक्कर मार देती है।
स्कूटी समेत गिरी महिला
महिला स्कूटी समेत ही सड़क पर गिर जाती है। जल्दबाजी में महिला का सड़क पार करना उसके लिए कितना खतरनाक साबित हो सकता था। उसे इस बात का कोई अंदाजा नहीं था। इतने व्यस्त सड़क पर ट्रैफिक होने के बावजूद महिला का बेपरवाह होकर गाड़ी चलाना यह बताता है कि महिला का ध्यान पूरी तरह सड़क पर नहीं था। वीडियो में यह साफ दिख रहा है कि महिला कैसे चारों खाने चित होकर गिर जाती है। गनीमत रही कि ट्रक वाले ने इमरजेंसी ब्रेक का इस्तेमाल किया और महिला की जान बच गई, नहीं तो अगर ट्रक स्पीड में होती तो वह महिला को रौंदते हुए आगे निकल जाती।
लोगों ने उड़ाया महिला का मजाक
हादसे के इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @MohiniWealth नाम की यूजर ने शेयर किया है। वीडियो को अब तक लाखों लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने इसे लाइक किया है। वीडियो पर लोगों की तमाम प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। जहां लोगों ने महिला के लापरवाह ड्राइविंग पर जमकर चुटकी ली है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
