बचपन में आपने भी मिट्टी या प्लास्टिक की छोटी-सी गुल्लक जरूर देखी होगी। कई लोगों ने तो उसमें अपने पैसे भी जमा किए होंगे लेकिन क्या आपने कभी ऐसी गुल्लक देखी है, जिसके सामने खड़े होने पर इंसान भी छोटा नजर आने लगे? कोलंबिया में बनी एक विशालकाय गुल्लक इन दिनों लोगों का ध्यान खींच रही है। इसका आकार इतना बड़ा है कि पहली नजर में इसे देखकर कोई भी हैरान रह जाए। इस गुल्लक के वीडियो (Video) को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड (Guinness World Record) ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया है।
कोलंबिया में बना दुनिया का सबसे बड़ा गुल्लक
यह कोई आम गुल्लक नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी गुल्लक का रिकॉर्ड बनाने वाली खास कलाकृति है। इसे कोलंबिया के मनो डेल आर्टेसानो - पुएब्लिटो डी बारो (Mano del Artesano - Pueblito de Barro) ने बनाया है। इसकी ऊंचाई 9 मीटर यानी करीब 29 फीट 6 इंच है, जबकि इसकी लंबाई 10.36 मीटर यानी लगभग 34 फीट है। इसका आकार ही इसे बेहद खास बनाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
आखिर कितनी विशाल है यह गुल्लक?
इस गुल्लक की ऊंचाई और लंबाई जानकर ही आप इसके विशाल आकार का अंदाजा लगा सकते हैं। 9 मीटर की ऊंचाई का मतलब है कि यह किसी दो या तीन मंजिला इमारत जितनी ऊंची नजर आ सकती है। वहीं, 10.36 मीटर की लंबाई इसे और भी खास बनाती है। आमतौर पर गुल्लक ऐसी होती है, जिसे आसानी से हाथों में उठाया जा सके या घर के किसी कोने में रखा जा सके लेकिन इस विशाल गुल्लक को देखकर साफ समझ आता है कि कलाकारों ने एक साधारण चीज को असाधारण रूप देने की कोशिश की है।
कोलंबिया के कलाकारों की खास कलाकारी
इस विशालकाय गुल्लक को बनाने के पीछे कलाकारों की मेहनत और क्रिएटिविटी सोच की झलक दिखाई देती है। मिट्टी से जुड़ी कलाकृतियां दुनिया के कई हिस्सों में बनाई जाती हैं, लेकिन किसी सामान्य वस्तु को इतने बड़े आकार में तैयार करना अपने आप में दिलचस्प है।
