Varanasi News: वाराणसी में शारदीय नवरात्रि पर सात्विकता का पूरा ख्याल रखा जाएगा। भक्तों की आस्था को किसी तरह ठेस ना पहुँचे इसके मद्देनजर नवरात्रि के पावन मौके पर नगर निगम ने बड़ा फैसला किया है। नगर निगम ने शहर की सभी मीट, मछली और मुर्गा की दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। यह आदेश 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक लागू रहेगा।
नियम तोड़ने वालों पर होगी दंडात्मक कार्रवाई
दरअसल नवरात्रि में लाखों की संख्या में श्रद्धालु वाराणसी पहुंचते है। काशी के प्रमुख देवी मंदिरों में लाखों की संख्या में श्रद्धालु मत्था टेकते हैं। काशी विश्वनाथ मंदिर भी श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहता है। नगर निगम सदन में पास प्रस्ताव के अनुसार काशी विश्वनाथ धाम के 2 किलोमीटर के दायरे में मांस-मछली की बिक्री और पशुवध पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। नियम तोड़ने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। निगम की टीमें शहर में घूम-घूमकर निगरानी करेंगी।
एयरशो की वजह से भी रहेंगी दुकानें बंद
हालांकि ये पहली बार नहीं है जब नवरात्रि में मीट मछली की दुकानों को बंद किया है। इसके पहले चैत्र नवरात्रि में भी फैसला लिया गया था। लेकिन इस बार इंतजार लंबा करना पड़ेगा। इसके पीछे दो वजह है। इस बार सिर्फ नवरात्रि में ही नहीं, बल्कि एयरशो की वजह से भी मीट मछली की दुकानें बंद रहेंगी। वाराणसी में 22, 23 और 25 अक्टूबर को नमो घाट पर इंडियन एयरफोर्स का 'एरियल डिस्प्ले-2026' होना है।
एयरफोर्स की 94वीं वर्षगांठ पर आयोजित स्टेट इवेंट
यह एयरफोर्स की 94वीं वर्षगांठ पर आयोजित स्टेट इवेंट है। फाइटर जेट्स की सुरक्षा और बर्ड हिट से बचने के लिए जिला प्रशासन ने 19 से 26 अक्टूबर तक नमो घाट के 30 किलोमीटर के दायरे में भी मीट-मछली काटने और बेचने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। यानी वाराणसी में 11 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक अलग-अलग चरणों में मीट बिक्री पर रोक रहेगी।
