क्रिकेट

IND vs WI: होलकर में रिकॉर्ड की दहलीज पर अभिषेक, 33 रन बनाते ही टॉप-6 में हो जाएंगे शामिल

भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरा मुकाबला इंदौर के होलकर क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा के पास खास मौका है। पहले दो मुकाबलों में फेल रहे अभिषेक शर्मा 2000 टी20 रन की दहलीज पर खड़े हैं।

Image

अभिषेक शर्मा (साभार-X)

भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरा टी20 मुकाबला इंदौर के होलकर क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पहला मुकाबला भारत ने 8 विकेट से जीता था जबकि दूसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज ने 4 विकेट से जीत हासिल की थी। होलकर का मैदान हाई-स्कोरिंग के लिए जाना जाता है और ऐसी पिच अभिषेक शर्मा को खूब पसंद है। उनके पास रविवार के इस मुकाबले में एक खास रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है। पहले दो मुकाबलों में फेल रहे अभिषेक शर्मा 2000 टी20 रन की दहलीज पर खड़े हैं। अब तक भारत के लिए इस फॉर्मेट में केवल 5 बल्लेबाज यह कारनामा कर पाया है और अब अभिषेक छठे खिलाड़ी बनने से सिर्फ 33 रन दूर हैं।

बड़ी पारी का है इंतजार

वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले दो मैच में उनका बल्ला खामोश रहा है। पहले मुकाबले में अभिषेक ने 21 जबकि दूसरे मुकाबले में 20 रन की छोटी सी पारी खेली थी। फिलहाल अभिषेक शर्मा 64 मैचों और 63 पारियों में 32.24 के औसत और 194.94 के स्ट्राइक रेट से 1,967 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने तीन शतक और 13 अर्धशतक जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 135 रन है जो भारत के लिए सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है।

2026 में खूब चला है बल्ला

मौजूदा सीरीज के पहले दो मैच को छोड़ दें तो 2026 में भी अभिषेक शर्मा ने बल्ले से धमाल मचाया है। इस साल 31 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अभिषेक ने 28.40 के औसत और 204.80 के स्ट्राइक रेट से 852 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और सात अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 108 रन है, जो अफगानिस्तान के खिलाफ 30 गेंदों में बनाया गया शतक है। यह टेस्ट खेलने वाले देश के किसी बल्लेबाज द्वारा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में बनाया गया सबसे तेज शतक है।

2000 क्लब वाले भारतीय बल्लेबाज

इससे पहले पांच भारतीय बल्लेबाज इस क्लब में मौजूद हैं। भारत के 2,000 रन क्लब के अन्य पांच सदस्य हैं: रोहित शर्मा (4,231 रन), विराट कोहली (4,188 रन), सूर्यकुमार यादव (3,272 रन), हार्दिक पांड्या (2,288 रन) और केएल राहुल (2,265 रन)।

भारत और वेस्टइंडीज की टीम-

भारत टीम: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, शिवम दुबे, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नमन धीर, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, मयंक यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रिंस यादव, नितीश कुमार रेड्डी, रवि बिश्नोई

वेस्टइंडीज टीम: शाई होप (विकेटकीपर/कप्तान), कामिल पूरन, शिम्रोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, रोस्टन चेज, शेमार स्प्रिंगर, गुडाकेश मोती, अकील होसेन, शेमार जोसेफ, क्वेंटिन सैम्पसन, मैथ्यू फोर्डे, अमीर जांगू, कीमो पॉल।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article