सड़क पर चलते समय छोटी-मोटी टक्कर होना कोई नई बात नहीं है लेकिन ऐसे मौकों पर कई बार लोग गुस्से में आ जाते हैं और बात बहस से लेकर लड़ाई तक पहुंच जाती है। हालांकि, उत्तराखंड से सामने आए एक वायरल वीडियो (Viral Video) में एक कार चालक ने कुछ ऐसा किया, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया। पैदल चल रहे एक शख्स को कार से टक्कर लगने के बाद ड्राइवर बाहर निकला और उसे गले लगा लिया। इस वीडियो को उत्तराखंड पुलिस ने भी अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट से शेयर किया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
टक्कर के बाद कार से बाहर आया ड्राइवर
वायरल वीडियो (Viral Video) में सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज दिखाई देती है। इसमें एक युवक सड़क के किनारे पैदल चलता नजर आ रहा है। इसी दौरान वहां से एक छोटी लाल रंग की कार गुजरती है और युवक से टकरा जाती है। टक्कर लगते ही कार लगभग तुरंत रुक जाती है। इसके बाद चालक गाड़ी से बाहर निकलता है और युवक के पास पहुंचकर उसका हाल जानने की कोशिश करता है। आमतौर पर ऐसी स्थिति में लोगों के बीच बहस शुरू हो जाती है, या फिर कार चालक टक्कर मारने के बाद भाग निकलते हैं लेकिन यहां नजारा कुछ अलग दिखाई दिया।
वीडियो (Video) में आप देख सकते हैं कि चालक उस युवक को गले लगाता नजर आ रहा है। जिसे उसकी कार ने टक्कर मारी थी। इसके बाद दोनों कार के पास खड़े होकर कुछ देर बातचीत करते हैं। आसपास कुछ अन्य लोग भी मौजूद दिखाई देते हैं। इस दौरान सड़क पर ट्रैफिक भी चलता रहता है।
उत्तराखंड पुलिस ने शेयर किया वीडियो
इस वीडियो को उत्तराखंड पुलिस (Uttarakhand Police) ने अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट से शेयर किया है। पुलिस ने इसके जरिए लोगों को सड़क पर धैर्य रखने और गुस्से में प्रतिक्रिया देने से बचने का मैसेज भी दिया है। पुलिस की पोस्ट का मैसेज यही है कि सड़क पर छोटी-सी घटना होने पर गुस्से को खुद पर हावी नहीं होने देना चाहिए। ऐसी स्थिति में सबसे पहले दूसरे व्यक्ति की सुरक्षा और उसकी हालत के बारे में पता करना जरूरी है।
लोगों ने भी दी अपनी राय
वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सड़क सुरक्षा और जिम्मेदारी को लेकर अपनी राय रखी। कुछ लोगों ने ड्राइवर के शांत व्यवहार की तारीफ की। उनका मानना है कि अगर लोग ऐसी परिस्थितियों में धैर्य रखें, तो कई विवादों को शुरू होने से पहले ही रोका जा सकता है। वहीं, कुछ यूजर्स ने यह भी कहा कि पैदल चलने वालों को सड़क पार करते समय या सड़क के किनारे चलते हुए आसपास से आने वाले वाहनों पर ध्यान देना चाहिए। यानी सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी सिर्फ ड्राइवर की नहीं, बल्कि पैदल चलने वालों की भी होती है।
