सोशल मीडिया (Social Media) पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने लोगों का दिल जीत लिया है। वीडियो में एक छोटे से हिमालयन ब्राउन बियर को बेहद मुश्किल हालात में बचाते हुए देखा जा सकता है। भालू का बच्चा करीब 16,500 फीट की ऊंचाई पर एक ग्लेशियर की गहरी दरार में फंस गया था। जिसे बचाने के लिए रेस्क्यू टीम को अपनी जान जोखिम में डालनी पड़ी।
16500 फीट पर जिंदगी और मौत से जूझ रहा था भालू का बच्चा
इस वायरल वीडियो (Viral Video) को इंस्टाग्राम पर @safar_he_manzil_hai नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। करीब तीन मिनट के इस वीडियो में रेस्क्यू कार्य दिखाया गया है। रेस्क्यू टीम के मुताबिक, बच्चे को बाहर निकालना काफी चैलंजिंग था, लेकिन उससे भी बड़ा खतरा उसकी मां थी, जो अपने बच्चे की सुरक्षा को लेकर बहुत अलर्ट थी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
बच्चे के पास किसी को नहीं आने दे रही थी मां
वीडियो (Video) के अनुसार, भालू का बच्चा काफी समय से बर्फीली दरार में फंसा हुआ था। उसकी मां आसपास ही मौजूद थी और किसी भी इंसान को बच्चे के पास जाने नहीं दे रही थी। रेस्क्यू टीम ने बताया कि मां का व्यवहार स्वाभाविक था, क्योंकि वह अपने बच्चे को बचाने की कोशिश कर रही थी। टीम ने जल्दबाजी करने के बजाय धैर्य से काम लिया। काफी समय तक निगरानी रखने के बाद जब मां कुछ शांत हुई, तो रेस्क्यूअर्स ने बचाव अभियान शुरू किया।
बर्फ तोड़कर दरार में उतरे रेस्क्यूअर्स
वीडियो (Video) में देखा जा सकता है कि टीम ने ग्लेशियर की बर्फ हटाई और दरार तक पहुंचने का रास्ता बनाया। इसके बाद एक रेस्क्यूअर रस्सी की मदद से नीचे उतरा और भालू के बच्चे के शरीर में सुरक्षित तरीके से रस्सी बांधी गई। फिर धीरे-धीरे उसे ऊपर खींचकर बाहर निकाला गया। बाहर आने के बाद टीम ने बच्चे की जांच की और उसे कुछ देर निगरानी में रखा। रेस्क्यूअर्स ने यह भी साफ किया कि बचाव के दौरान बच्चे को कोई चोट नहीं लगी थी। लंबे समय तक दरार में फंसे रहने के कारण वह शुरुआत में ठीक से चल नहीं पा रहा था, लेकिन कुछ समय बाद वह सामान्य रूप से चलने लगा।
मां ने दूर बैठकर देखा पूरा ऑपरेशन
सबसे भावुक पल तब आया, जब भालू की मां अपने बच्चे को देखने के लिए आगे बढ़ी। रेस्क्यू टीम ने बच्चे को उसकी मां के पास सुरक्षित छोड़ दिया। वीडियो में मां को कुछ दूरी पर बैठकर पूरे रेस्क्यू अभियान को देखते हुए दिखाया गया है। बच्चे के पास पहुंचने के बाद दोनों साथ चलने लगे। सोशल मीडिया यूजर्स ने इस वीडियो पर रेस्क्यू टीम की बहादुरी और मेहनत की जमकर तारीफ की है। टीम ने दो वीडियो पोस्ट किए हैं, जिन्हें अब तक करीब 70 लाख बार देखा जा चुका है। लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक जानवर का बचाव नहीं, बल्कि इंसानियत और हिम्मत की मिसाल है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
