Soni Razdan on Diwali Post Controvery: बॉलीवुड की जानी-मानी एक्ट्रेस सोनी राजदान (Soni Razdan) एक बार फिर दिवाली पर पटाखे जलाने को लेकर दिए गए अपने बयान के कारण चर्चा में हैं। आलिया भट्ट (Alia Bhatt) की मां सोनी ने सोशल मीडिया पर पटाखों के इस्तेमाल को लेकर अपनी राय रखी थी, जिसके बाद इस पर बहस शुरू हो गई। उनके बयान में इस्तेमाल किए गए 'एंटी नेशनल' शब्द ने खास तौर पर लोगों का ध्यान खींचा। अब इस पूरे मामले को लेकर उनकी सफाई की चर्चा हो रही है। तो चलिए जानते हैं कि सोनी राजदान ने अपनी नई पोस्ट में क्या लिखा है, जिसको लेकर इतनी चर्चा हो रही है।
Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें:Ramayana First Half X Review: रणबीर-यश को साथ देख फैंस हुए एक्साइटेड, सिनेमाघरों में छाया जादू
सोनी राजदान ने दी सफाई
सोनी राजदान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, 'X पर उन सभी लोगों से, जो मेरी पोस्ट को गलत तरीके से पेश करने की कोशिश कर रहे हैं, मुझे लगता है कि आप लोग असली मुद्दे को समझने के बजाय छोटी-छोटी बातों में उलझ रहे हैं।' उन्होंने आगे कहा, 'मैं एक बात साफ करना चाहती हूं, क्योंकि देशविरोधी शब्द के इस्तेमाल से काफी भ्रम पैदा हो गया है। पटाखे फोड़ने से कोई राष्ट्रवादी नहीं बन जाता और पटाखे न फोड़ने का फैसला करना किसी को देशविरोधी नहीं बनाता। हालांकि, जो बात मुझे बेहद गैर-जिम्मेदाराना लगती है, वो यह है कि लोग जानबूझकर उस भयानक वायु प्रदूषण को बढ़ावा दे रहे हैं, जिसकी वजह से लोगों का सांस लेना मुश्किल होता जा रहा है। अगर हमें देशविरोधी शब्द का इस्तेमाल करना ही है, तो कुछ पल की अपनी खुशी के लिए पूरे समुदाय की सेहत को खतरे में डालना इसकी शुरुआत करने की ज्यादा सही वजह हो सकती है।'
Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें:'पटाखे जलाना एंटी नेशनल है...' दिवाली से पहले ये क्या बोल गई Soni Razdan?
सोनी राजदान ने की अपील
सोनी राजदान ने सवाल उठाया कि सार्वजनिक स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दे को धार्मिक बहस में क्यों बदल दिया जाता है। ये साफ करते हुए कि उनके संदेश का धर्म से कोई लेना-देना नहीं है, सोनी ने कहा कि उनकी बात वायु प्रदूषण, बच्चों के बीमार पड़ने, स्कूल न जा पाने और सांस लेने में होने वाली परेशानी को लेकर थी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि साफ हवा और लोगों की सेहत हर नागरिक की चिंता होनी चाहिए, चाहे उसका धर्म या मान्यताएं कुछ भी हों। एक्ट्रेस ने आगे अपील करते हुए कहा, 'कृपया सामूहिक जिम्मेदारी से जुड़े एक सीधे-साधे संदेश को गलत तरीके से पेश करके ऐसा मुद्दा न बनाएं, जिसका मेरा इरादा कभी था ही नहीं। क्योंकि ये बच्चे आपके भी हैं। ये सभी के बच्चे हैं और उन्हें साफ हवा में सांस लेने का हक है। क्या यह ऐसी बात नहीं है, जिस पर हम सभी सहमत हो सकते हैं?'
क्या था सोनी राजदान का बयान?
सोनी राजदान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर किया था। इसमें उन्होंने प्रदूषण की वजह से छोटे बच्चों को होने वाली परेशानियों का जिक्र किया। एक्ट्रेस ने लिखा था कि 'छोटे बच्चों के माता-पिता से पूछिए कि प्रदूषण के कारण उनके बच्चों को कितनी तकलीफ होती है और बीमारी की वजह से कितने दिन स्कूल छूट जाते हैं। उन्होंने आगे कहा था कि ऐसे हालात में अगर कोई दिवाली पर एक भी पटाखा जलाने को सही ठहराता है, तो उनके हिसाब से ये जीवन, सेहत और देश के हित के खिलाफ है। उन्होंने लोगों से अपील की थी कि वे अपनी और अपने बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए सही फैसला लें।' इस पोस्ट को शेयर करते हुए सोनी राजदान ने लिखा था कि 'पटाखे फोड़ने से कोई राष्ट्रवादी नहीं बन जाता और पटाखे न फोड़ने का फैसला करना किसी को देशविरोधी नहीं बनाता।'
