जब भी महाराष्ट्र घूमने की बात होती है, तो ज्यादातर लोगों के दिमाग में मुंबई की चमकती इमारतें, समुद्र का किनारा और व्यस्त शहर आते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसी राज्य में ऐसी पहाड़ियां, झीलें और झरने भी मौजूद हैं, जिनकी खूबसूरती देखकर कुछ पल के लिए नजरें ठहर जाती हैं? यहां की प्रकृति का अंदाज पूर्वोत्तर भारत की हरी-भरी वादियों से कम नहीं है। खासकर मानसून के मौसम में महाराष्ट्र का पहाड़ी इलाका किसी जादुई दुनिया जैसा दिखाई देने लगता है। चारों तरफ फैली हरियाली, बादलों से ढके पहाड़, पानी से लबालब झीलें और चट्टानों के बीच बहते झरने इस जगह को बेहद खास बनाते हैं।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - इन गांवों में बहुत कम जाते हैं पर्यटक, पहाड़-बीच छोड़ बना सकते हैं शांत दुनिया देखने का प्लान
यूट्यूब क्रिएटर कनिष्क गुप्ता ने महाराष्ट्र के इसी अनदेखे प्राकृतिक संसार की खूबसूरती और स्थानीय जीवन के कुछ दिलचस्प पहलुओं को सामने रखा है। उनके अनुसार, सह्याद्रि की पहाड़ियों में ऐसी कई जगहें हैं, जहां प्रकृति का रूप जितना सुंदर है, उतना ही हैरान करने वाला भी है। यहां भारी बारिश के बीच जीवन जीने के अलग तरीके देखने को मिलते हैं, तो कहीं पानी और हवा मिलकर ऐसे नजारे बनाते हैं, जिन पर पहली नजर में यकीन करना मुश्किल हो जाता है।
1. सह्याद्रि हिल्स और रतनवाड़ी गांव
महाराष्ट्र की पश्चिमी घाट पर्वत श्रृंखला को सह्याद्रि कहा जाता है। इन्हीं पहाड़ियों के बीच बसा रतनवाड़ी गांव अपनी हरियाली, झरनों और प्राकृतिक खूबसूरती के लिए जाना जाता है। मानसून में यहां इतनी बारिश होती है कि रात के समय पानी की आवाज किसी विशाल झरने के पास होने का एहसास कराती है।
2. आर्थर लेक का खूबसूरत नजारा
रतनवाड़ी के पास स्थित आर्थर लेक भंडारदरा जलाशय का हिस्सा है। इसका नीला-हरा पानी बेहद आकर्षक दिखाई देता है। बारिश में जलस्तर बढ़ने से आसपास के पेड़ और रास्ते पानी में डूबे नजर आते हैं। हैरानी की बात यह है कि इतनी बारिश के बावजूद गांव में साफ पीने का पानी जुटाना ग्रामीणों के लिए चुनौती बना रहता है।
3. येरेना और पत्थरों से बने घर
यहां के स्थानीय लोगों ने बारिश से बचने का एक अनोखा तरीका निकाला है। बांस और पॉलीथीन से बना विशेष छाते जैसा उपकरण येरेना कहलाता है। वहीं, तेज हवाओं और भारी बारिश से बचाव के लिए घरों की छतें ढलानदार और पत्थरों की टाइलों से बनी होती हैं।
4. संधान वैली यानी वैली ऑफ शैडोज
संधान वैली अपनी गहरी चट्टानी संरचनाओं के लिए मशहूर है। पानी के लंबे समय तक कटाव से बनी इस संकरी घाटी में ऊंची चट्टानें और कम रोशनी इसे रहस्यमयी रूप देती हैं। इसकी गहराई और विशाल चट्टानें किसी एडवेंचर फिल्म के दृश्य जैसी लगती हैं।
5. रिवर्स वॉटरफॉल और मालशेज घाट
सह्याद्रि का रिवर्स वॉटरफॉल प्रकृति का बेहद दिलचस्प नजारा है। तेज हवाओं के कारण झरने का पानी नीचे गिरने के बजाय ऊपर की तरफ उड़ता दिखाई देता है। वहीं, मालशेज घाट की घुमावदार सड़कें, घना कोहरा और पहाड़ों से गिरते छोटे झरने सफर को यादगार बना देते हैं।
6. खीरेश्वर गांव और गॉड्स वैली ट्रेक
खीरेश्वर गांव के आसपास का पहाड़ी इलाका ट्रेकिंग और प्राकृतिक नजारों के लिए आकर्षक है। यहां घने कोहरे के बीच रास्ता तय करना रोमांचक अनुभव हो सकता है। मौसम साफ होने पर कई स्तरों में नीचे गिरते विशाल झरने का खूबसूरत दृश्य दिखाई देता है।
