Viral Video: आगरा का ताजमहल दुनिया भर में सच्चे प्यार की मिसाल माना जाता है। हर साल लाखों विदेशी पर्यटक इस खूबसूरत इमारत को देखने भारत आते हैं, लेकिन इस बार इटली के एक जोड़े ने आगरा में कुछ ऐसा कर दिखाया कि हर तरफ उन्हीं के चर्चे हो रहे हैं। इटली के लिगुरिया इलाके के रहने वाले मैटियो और कैटरीना पिछले काफी समय से एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप में थे। दोनों अपनी शादी को लेकर काफी समय से प्लानिंग कर रहे थे, लेकिन हर बार किसी न किसी वजह से शादी टल जाती थी। आखिरकार, जब वे भारत भ्रमण पर आए तो उन्हें अहसास हुआ कि उनके अटूट रिश्ते की शुरुआत के लिए भारत से बेहतर कोई और जगह नहीं हो सकती।
मैटियो और कैटरीना सिर्फ आम पर्यटकों की तरह घूमने नहीं आए थे। उन्होंने भारत की धार्मिक और आध्यात्मिक विविधता को करीब से महसूस किया। दोनों ने हरिद्वार पहुंचकर मां गंगा के पवित्र जल में स्नान किया और भारतीय संस्कृति की शांति को महसूस किया। इसके बाद वे वाराणसी पहुंचे और भगवान शिव के दर्शन कर सनातन परंपराओं को समझा। इन पवित्र स्थलों की यात्रा ने उनके दिलों पर ऐसी छाप छोड़ी कि उन्होंने फैसला कर लिया कि वे पाश्चात्य स्टाइल में नहीं, बल्कि वैदिक परंपरा के अनुसार हिंदू रीति-रिवाजों से शादी करेंगे। अपनी इस अनोखी इच्छा को पूरा करने के लिए कपल ने अपनी टूर कंपनी की मदद से आगरा के पंडित प्रवीण दत्त शर्मा से संपर्क किया। मंगलवार की शाम करीब 7 बजे शादी की रस्में शुरू हुईं। मैटियो ने ठेठ भारतीय दूल्हे की तरह सफेद धोती-कुर्ता और साफा पहना, जबकि कैटरीना लाल रंग के पारंपरिक जोड़े और गहनों में बिल्कुल भारतीय दुल्हन की तरह सजीं। देखें वीडियो...
विदेशी कपल ने भारत में की शादी
इस वीडियो ने आपका दिल भी जरूर जीत लिया होगा। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इंस्टाग्राम पर वीडियो को hinduism नाम के पेज से शेयर किया गया है। इस वीडियो को काफी संख्या में लोग देख चुके हैं। इतना ही नहीं वीडियो पर लोग जमकर कमेंट भी कर रहे हैं। वहीं, विवाह संपन्न होने के बाद नवविवाहित जोड़े ने अपनी खुशी साझा करते हुए कहा कि ताजमहल के शहर में इस तरह पवित्र रीति-रिवाजों से जुड़ना उनकी जिंदगी का सबसे यादगार पल बन गया है। वे भारत एक टूरिस्ट बनकर आए थे, लेकिन यहां से एक नए पवित्र रिश्ते और भारतीय संस्कृति की अटूट यादें लेकर वापस लौट रहे हैं। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
