उत्तर प्रदेश

शामली में 'लुटेरी दुल्हन' गैंग का पर्दाफाश, शादी के नाम पर धोखा देने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के शामली जिले में पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले कई राज्यों में सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गिरोह की सदस्य ‘लुटेरी दुल्हन’ पूजा और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से नकदी, आभूषण, फर्जी दस्तावेज और चोरी की गाड़ी बरामद हुई।

Image

पुलिस हिरासत में 'लुटेरी दुल्हन' गिरोह के सदस्य

Photo : Times Now Digital

Shamli News: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में पुलिस ने एक ऐसे अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो शादी करवाने के नाम पर ठगी की वारदातों को अंजाम देता था। इस गिरोह में शामिल एक 'लुटेरी दुल्हन' और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके पास से ठगे गए आभूषण, नकदी, फर्जी दस्तावेज और एक चोरी की गाड़ी भी बरामद की गई है।

शादी कर चार दिन बाद फरार हुई दुल्हन

मामला हरियाणा के भिवानी जिले के सुरेंद्र नाम के व्यक्ति की शिकायत से खुला। सुरेंद्र ने बाबरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने शामली के गांव खेड़ी बैरागी के मंदिर में एक युवती से शादी की थी, जिसे गांव चूनसा की रहने वाली बताया गया था। वह महिला शादी के बाद उसके घर चार दिन रही और फिर एक लाख रुपये नकद और ज्वेलरी लेकर फरार हो गई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और यह पूरा गिरोह सामने आया।

पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर हाईवे पर बाबरी बस स्टॉप के पास गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर गिरफ्तारी भी की है। गिरफ्तार तीन आरोपियों में पूजा और दो उसके साथी शामिल हैं। पहला साथी अरविंद,सोनीपत के थाना गन्नौर का रहने वाला है और दूसरा साथी रविंद्र मुजफ्फरनगर, थाना भौरा कला का निवासी है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और दूसरे पहचान पत्र बनवाकर अलग-अलग जगह शादी करवाता था। शादी में मिलने वाले गहने और नकद राशि को गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।

चोरी की गाड़ी भी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक गाड़ी भी जब्त की है। आरोपियों ने कबूल किया कि यह वाहन उन्होंने करीब डेढ़ महीने पहले मंडी धनौरा (अमरोहा) से चोरी किया था और इसे ठगी वाली शादियों में इस्तेमाल करते थे।

लुटेरी दुल्हन ने कई जगह की हैं शादियां

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पूजा की असली शादी 13 साल पहले हुई थी और उसके दो बच्चे भी हैं। लेकिन इसके बाद उसने कई धोखाधड़ी वाली शादियां की हैं। गिरोह ने बागपत के बड़ौत में एक शादी के नाम पर 1 लाख रुपये ले चुके हैं। पूजा बिजनौर के नजीबाबाद में भी शादी कर 1.5 लाख और सोने की चेन ले चुकी है। उसने तीसरी शादी शामली के खेड़ी बैरागी मंदिर में की, जहां से वह 1 लाख और ज्वेलरी लेकर फरार हुई। गिरोह अब तक 8 से 10 ठगी की वारदातें उत्तर प्रदेश व हरियाणा में कर चुका है।

क्या कहती है पुलिस

एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह एक संगठित गिरोह है, जिसमें महिला पूजा, रविंद्र, अरविंद और एक चौथा सदस्य अंकित शामिल है। अंकित ही फर्जी दस्तावेज तैयार करवाने में मदद करता था। उन्होंने कहा कि गिरोह शादी कराने के नाम पर लोगों से पैसे लेते थे। महिला कुछ दिन पति के घर रहती और फिर गहने व नकद लेकर फरार हो जाती थी। आरोपी अब तक कई जिलों में ऐसी घटनाएं कर चुके हैं। बरामद हुए आभूषण और नकदी उसी ठगी में लिए गए थे।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article