आवारा कुत्तों के कारण कई बच्चों का बाहर पार्कों में खेलना दूभर हो गया है। यही कारण है कि सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मामले में संज्ञान लिया है। देशभर में अलग-अलग शहरों, कस्बों और गांवों से आवारा कुत्तों के अटैक की खबरें अक्सर आती रहती हैं। इसके बावजूद कुछ लोग आवारा कुत्तों को बच्चों के खेलने की जगह के आसपास ही भोजन कराते हैं। जबकि बार-बार कहा जाता है कि आवारा कुत्तों को बच्चों के खेलने की जगह से दूर भोजन कराया जाए। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आवारा कुत्तों के झुंड ने पार्क में खेल रहे बच्चों पर हमला कर दिया।
मामला लखनऊ के मीना बेकरी चौराहे से ओंकारेश्वर मंदिर मार्ग के पीछे पार्क का है। यहां कुछ बच्चे पार्क में झूला झूल रहे थे। इसी दौरान 8-10 आवारा कुत्तों का झुंड अचानक दौड़ते हुए वहां पहुंच गया। कुत्तों ने बिना किसी उकसावे के वहां खेल रहे बच्चों पर हमला बोल दिया। बच्चे वहां से चीखते-चिल्लाते हुए पार्क से बाहर की ओर भागे। हालांकि, गनीमत रही कि आवारा कुत्तों का यह झुंड किसी बच्चे को काट नहीं पाया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
CCTV में कैद हुई घटना
जब बच्चे ओंकारेश्वर मंदिर मार्ग के पीछे पार्क में झूला झूल रहे थे, उसी समय कुत्तों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। आवारा कुत्तों के झुंड के हमले की घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। यह घटना 18 जनवरी की बतायी जा रही है, जिसका वीडियो आज सामने आया है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि बच्चे पार्क में झूला झूल रहे हैं। अचानक कुत्तों का झुंड़ वहां पहुंच गया। फिर देखते ही देखते कुत्तों ने बच्चों पर हमला कर दिया। बच्चे चीखते हुए भागने लगे और कुत्तों ने भी भागते हुए उनका पीछा किया। बच्चे किसी तरह पार्क से बाहर निकलने में सफल रहे, तब जाकर उनकी जान बची। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां हमेशा 10 कुत्ते रहते ही हैं। यह आवारा कुत्ते यहां से आने-जाने वाले लोगों को काट लेते हैं। लोगों ने नगर निगम से गुहार लगाई है कि वह आक्रामक कुत्तों को यहां से हटाए।
यहां पांच साल की बच्ची को काटा
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार लखनऊ में ही एक अन्य घटना में कुत्ते ने 5 साल की बच्ची को बुरी तरह से काट दिया। बच्ची का फिलहाल इलाज चल रहा है। बच्ची के परिजनों ने लखनऊ नगर निगम में शिकायत की है। घर से सामान लेने जा रही 5 साल की बच्ची पीहू प्रजापति को आवारा कुत्ते ने दौड़ाकर काट लिया। घटना के बाद मासूम पीहू की मां ने नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यहां कुत्ते बहुत आक्रामक हैं और लोगों को काटते हैं। कई बार हादसा हुआ है, लेकिन शिकायत पर नगर निगम कोई रिप्लाई नहीं दे रहा।
